लंदन हमले में शामिल 2 संपर्की गिरफ्तार…

0

आयरलैंड पुलिस ने लंदन ब्रिज आतंकवादी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों में शामिल राशिद रादुआने के एक संपर्की को गिरफ्तार किया है। शनिवार की शाम लंदन ब्रिज पर हुए इस आतंकवादी हमले में 7 लोगों की मौत और दर्जनों घायल हो गए।

वेक्सफोर्ड में एक इमारत की खोजबीन के दौरान 30 वर्षीय संदिग्ध को मंगलवार की शाम गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले मंगलवार को मोरक्को के एक अन्य व्यक्ति को लिमेरिक शहर से गिरफ्तार किया गया था। लेकिन उसे दोपहर बाद छोड़ दिया गया था।

दोनों संदिग्धों से चोरी और धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ की जा रही है। उन पर कागजातों और व्यक्तिगत व सार्वजनिक सेवा के नंबरों के उपयोग का संदेह है, जिसका संबंध हमलावर रादुआने से हो सकता है।

30 वर्षीय रादुआने लीबियाई मूल का मोरक्को का नागरिक था। ब्रिटेन में कागजात संबंधी जांच के बाद उसकी पहचान की गई थी और पाया गया था कि वह कुछ समय के लिए दक्षिण डबलिन में भी रहा था।

आयरलैंड के राष्ट्रीय प्रसारणकर्ता (आरटीई) के अनुसार, रादुआने के पास से आयरलैंड के अप्रवासी अधिकारियों द्वारा जारी किया गया एक पहचान पत्र पाया गया था और ब्रिटेन आने से पहले उसने 2011 में आयरलैंड में एक ब्रिटिश महिला से शादी की थी।

यूरोपिय संघ की संधि के अंतर्गत, आयरलैंड यूरोपीय संघ से बाहर के ऐसे लोगों को नौकरी वीजा जारी करता है, जिनका यूरोपीय संघ के किसी नागरिक से संबंध हो, और इस मामले में भी यही हुआ लगता है।
रादुआने अपनी ब्रिटिश मूल की पत्नी के साथ 2016 में कुछ समय के लिए आयरलैंड वापस आया था।

Also read : जानें, कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमत प्रति बैरल में…

आयरलैंड पुलिस के अनुसार, रादुआने इससे पहले कभी पुलिस की नजर में नहीं आया था और न ही अपराध या सुरक्षा मामलों में संलिप्त होने को लेकर पुलिस का उस पर ध्यान गया था।

आयरलैंड ने लंदन हमले की निंदा व्यक्त करते हुए हमले को ‘सरासर पागलपन’ करार दिया है और कहा है कि वे ब्रिटेन के साथ सुरक्षा मामलों में लगातार मिलकर काम करेंगे और जितना हो सकेगा अपराध को रोकेंगे। हमले की आशंका के चलते आयरलैंड में भी मध्यम स्तर का अलर्ट जारी किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More