कहीं हुआ हंगामा तो कहीं संस्कृत में ली गयी शपथ

0

नगर निगमों व पंचायतों में हाल में हुए चुनावों में जीते मेयरों व पार्षदों सहित कई जगह पंचायत अध्यक्षों को आज पूरे प्रदेश में शपथ दिलाई गयी। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव हाल ही में संपन्न हुए थे। गौरतलब है कि, उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव के नतीजे बीते एक दिसंबर को जारी किये गए थे, जिसके तहत उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के कुल तीन चरणों में हुए मतदान का परिणाम घोषित किया गया था, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने 16 नगर निगम में से 14 नगर निगमों में जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही बाकी अन्य दो नगर निगम में बसपा के प्रत्याशियों को जनता ने चुना था। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगमों में मेयरों समेत पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण समारोहों के आयोजन किये गये थे।
लखनऊ में संयुक्ता भाटिया ने शपथ ले रचा इतिहास

इसी क्रम में मंगलवार को मेयर समेत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिसके तहत निकाय चुनाव में लखनऊ में मेयर पद पर जीतने वाली भाजपा प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया ने शपथ ग्रहण की। लखनऊ को इतिहास में पहला मेयर मिला है। यह ऐतिहासिक है। इस दौरान कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे।

मुरादाबाद में शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भी पहुंचे थे। मेयर विनोद अग्रवाल ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। डिप्टी सीएम ने सभा को संबोधित किया। उन्होंयने कहा- स्थानीय निकाय राजनीति की नर्सरी होती है। 11 वर्षों तक मैं महापौर रहा। सदन में दलों की सीमाएं छोड़कर विकास के लिए काम करना महत्वपूर्ण है।

गोरखपुर: सीताराम जायसवाल ने ली मेयर पद की शपथ

शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन गोरखपुर क्लब में किया गया था। मेयर पद की शपथ लेने के बाद सीताराम जायसवाल ने करीब 70 पार्षदों को भी शपथ दिलाई। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, कमिश्नर अनिल कुमार, बीजेपी विधायक, डीएम और एसएसपी मौजूद रहे।

कानपुर: शपथ ग्रहण करते ही मेयर ने की छुट्टी की घोषणा

इसी क्रम में सूबे के कानपुर नगर निगम की नई मेयर प्रमिला पांडेय ने भी नए मेयर के तौर पर शपथ ली।इसके साथ ही नई मेयर ने अपने अभिभाषण में नगर निगम, जलकल विभाग और नगर निगम के समस्त स्कूलों और कार्यालयों में अवकाश का ऐलान किया। मेयर प्रमिला पाण्डेय ने इस दौरान 110 पार्षदों को भी शपथ ग्रहण कराई।

वंदेमातरम पर मेयर खड़ी नहीं हुईं तो भाजपाइयों ने काटा हंगामा

यूपी के मेरठ जिले में मेयर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में अचानक हंगामा होने लगा। हंगामे की वजह ये थी कि नव निर्वाचित मेयर राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम पर खड़ी नहीं हुईं। मेयर को बैठा देख भाजपा समर्थक हंगामा काटने लगे। नारेबाजी होते देख हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया।इससे पहले शपथ ग्रहण में भाजपा पार्षदों ने मेयर के पोस्टर भी हटवा दिये।

अलीगढ़: BJP-BSP सभासदों के बीच हुआ जमकर हंगामा

अलीगढ़ नगर निगम में भी शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था। अलीगढ़ में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जमकर हंगामा भी हुआ। समारोह में अल्लाह-हू-अकबर और जय श्री राम के नारे भी लगे।

वाराणसी: मेयर मृदुला जायसवाल ने संस्कृत में ली शपथ

मृदुला जायसवाल ने संस्कृत में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण के बाद वाराणसी की मेयर मृदुला जायसवाल ने कहा कि नगर निगम के सदन की शुरुआत वंदे मातरम से होगी। पहली बैठक में वन्दे मातरम अनिवार्य होगा।

संजीव वालिया ने सहारनपुर के मेयर के रूप में ली शपथ

BJP के संजीव वालिया ने सहारनपुर के पहले मेयर के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ ली। सहारनपुर में बीजेपी की जीत हुई थी। शपथ ग्रहण के पहले इस नेता ने ‘ नगर पंचायत अध्यक्ष’ पद से दिया इस्तीफ़ा मुरादाबाद के ढकिया नगर पंचायत से नयी अध्यक्ष ने अपने पद और बसपा से इस्तीफ़ा दे दिया है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के पहले ही निर्वाचित अध्यक्ष गुड्डी ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दे दिया। वे अपने पति पूर्व प्रधान फारुख के साथ बसपा का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गयी हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष का इस्तीफ़ा देना बसपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

अयोध्या के पहले मेयर ने ली शपथ, सपा ने किया बहिष्कार

कार्यक्रम अयोध्या शहर के राम कथा पार्क में आयोजित किया गया था। जहाँ कमिश्नर मनोज मिश्र ने मेयर और पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण पूरी तरह भगवा दुर्ग में तब्दी ल हो गया था। अयोध्या शहर के राम कथा पार्क में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसके तहत कमिश्नर मनोज मिश्र ने मेयर ऋषिकेश उपाध्याय और पार्षदों शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह स्थल को भगवा किये जाने को लेकर सपा पार्षदों ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया है। इसके साथ ही कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे थे।

Also Read : शपथ ग्रहण समारोह में BJP का हंगामा, उखाड़े BSP के पोस्टर, देखे वीडियो

इलाहाबाद में नगर निगम में कल के अवकाश की घोषणा। महापौर अभिलाषा गुप्ता ने शपथ लेने के बाद यह घोषणा की। इलाहाबाद में मंगलवार को मेयर के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान सपा के एक दर्जन और कई निर्दलीय पार्षदों ने कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए शपथ ग्रहण नहीं किया। इन पार्षदों ने सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। विरोध कर रहे पार्षदों ने कहा कि ये शपथ ग्रहण कार्यक्रम नगर निगम में होना चाहिए लेकिन बीजेपी के लोग ये कार्यक्रम दूसरी जगह करा रहे हैं और कार्यक्रम में जो भाजपा का पार्षद नहीं हैं। उसके साथ खराब व्यवहार किया जा रहा है।

बरेली के नबाबगंज में मुस्लिम पार्षदों ने नहीं ली शपथ। नबाबगंज में शपथ ग्रहण भी रहा विवादों में। शपथ ग्रहण समारोह में 25 पार्षदों में से सिर्फ 6 पार्षद पहुंचे। 6 सभासदों को एसीएम प्रथम ने दिलाई शपथ। बरेली नगर पंचायत के वार्ड-13 से चुनाव जीतने वाले मोहम्मद उस्मान की शपथ ग्रहण कार्यक्रम से एक दिन पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं मौत के बाद परिवार में मनाई जाने वाली खुशियां मातम में बदल गईं। बता दें, कि शेखान मोहल्ले के रहने वाले उस्मान कचहरी रोड पर चाय- नाश्ते का होटल चलाते थे। मोहम्मद उस्मान तीन बार से नगर पंचायत के वार्ड सदस्य के चुनाव में भी किस्मत अजमां रहे थे इस बार वार्ड-13 से चौधरी अजीत सिंह के राष्ट्रीय लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़ा और पहली बार जीत दर्ज की थी।

हरदोई में भाजपा के सिम्बल पर चुने गए 4 सभासदों ने बहिष्कार किया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के सपाईकरण का आरोप लगाया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More