इतिहास कहता है कि भारत की धरती वीरों की जन्मभूमि रही है। यहां शरीर को भी उतना ही महत्व दिया जाता है, जितना की शिक्षा व अन्य क्षेत्र को दिया जाता है। यहां हरियाणा, यूपी से लेकर महाराष्ट्र के कोल्हापुर तक हर जगह अखाड़े और व्यायामशाला या जिम देखने को मिल जाते हैं।
106 साल पुराना अखाड़ा
उत्तरी कोलकाता के ‘हतखोला व्यायाम समिति’ 106 साल पुरानी होने के बावजूद आज भी लोगों के व्यायाम का मुख्य केंद्र है। इस व्यायामशाला का गठन 1910 में स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किया गया था। इस व्यायामशाला के प्रांगण में दीवार पर हनुमान जी की तस्वीर बनी हुई है, जिसके सामने लोग व्यायाम करते हैं। समिति के सदस्यों का कहना है कि उस समय स्वतंत्रता सेनानियों के बीच बौद्धिक के साथ-साथ शारीरिक महत्व को भी जोर दिया जाता था।
5 हजार सदस्य
समिति के मुताबिक यहां अभ्यास करने के लिए बेंच प्रेस के अलावा उठक-बैठक, पुल अप्स पर भी जोर दिया जाता था। आज इस समिति के 20 वर्ष से लेकर 70 वर्ष के लगभग पांच हजार सदस्य हैं। आज इस समिति के पास एक्सरसाइज की मॉडर्न मशीन मौजूद हैं, लेकिन फिर भी वो पुराने तरीकों को तरजीह देते हैं।
Also read : राजधानी के लोगों को अभी और झुलसाएगी गर्मी
पुरानी तकनीकों का सहारा
कई नामी लोग यहां से निकल कर मिस्टर इंडिया सहित कई बॉडी बिल्डिंग कॉम्पिटशन में इस व्यायामशाला का नाम रौशन कर चुके हैं। इस व्यायामशाला में अभ्यास करने वालों का कहना है कि हम यहां पुरानी तकनीकों के सहारे अभ्यास करते हैं, किसी जिम की तरह नहीं कि सप्लीमेंट्स लिए और फूल गए। समिति का कहना है कि यहां ज्यादातर लोग एक्सरसाइज के पुराने तरीकों को ही महत्व देते हैं।
मात्र 50 रुपये फीस
व्यायामशाला के सचिव का कहना है कि हम लोग न सिर्फ अपनी परंपरा को जिन्दा रखे हुए हैं, बल्कि नए बदलावों को भी अपना रहे हैं। यहां कोई भी आकर व्यायाम कर सकता है, ये सबके बजट में रहे इसके लिए हमने आज भी इसकी फीस सिर्फ 50 रूपए महीना रखी हुई है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)