पाकिस्तान ने किया ‘रॉ’ अफसर को पकड़ने का दावा, भारतीय उच्चायुक्त तलब
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने एक कथित रॉ अधिकारी की ‘विध्वंसकारी गतिविधियों’ पर ऐतराज जताने के लिए इस्लामाबाद ने भारतीय उच्चायुक्त गौतम बम्बवाले को तलब किया है। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने एक दिन पहले ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया था।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तार शख्स भारतीय नौसेना का अधिकारी है, जिसे भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ ने बलूचिस्तान में तैनात किया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षा बलों ने कुलभूषण यादव नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है।
पाकिस्तान ने यादव पर बलूचिस्तान की आजादी के लिए काम कर रहे आतंकी संगठनों और अलगाववादियों को मदद पहुंचाने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान रॉ पर बलूचिस्तान में अशांति फैलाने का आरोप लगाता रहा है।
पाक मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि विदेश सचिव ने आज भारतीय उच्चायुक्त को तलब कर उनसे एक रॉ अधिकारी के पाकिस्तान में गैरकानूनी ढंग से घुसने और बलूचिस्तान और कराची में उनकी विध्वंसकारी गतिविधियों पर विरोध और गहरी चिंता जताई है।
बलूचिस्तान के गृहमंत्री मीर सरफराज़ बुगती ने गुरुवार को कहा था कि यह ‘अधिकारी’ कुलयादव भूषण हैं जो भारतीय नौसेना में कमांडर रैंक के अधिकारी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया था कि भूषण भारतीय गुप्तचर सेना रिसर्च एंड एनेलिसिस विंग (रॉ) के लिए काम कर रहे थे।