मंगेतर की मांगों से था परेशान, शादी के 4 दिन पहले उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक शख्स ने शादी से महज चार दिन पहले अपनी ही मंगेतर को मौत के घाट उतार दिया। वजह सिर्फ इतनी थी कि शख्स अपनी मंगेतर की मांगों से परेशान हो गया था। उनकी शादी रविवार को होने वाली थी।

जानकारी के मुताबिक, सारिका यादव (20) का शव गुरबख्शगंज पुलिस सर्किल में बदाई पुरवा गांव के बाहर 26 फरवरी को मिला। सारिका अपनी चाची के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह अपने मंगेतर मंतोष यादव (24) के साथ शादी की खरीददारी के लिए गई थी।

इसके बाद वह घर नहीं लौटी और गांव के बाहर उसका शव मिला। सारिका को अंतिम बार मंतोष के साथ देखा गया था तो पुलिस ने उससे पूछताछ की।

जांच के दौरान मंतोष ने माना कि वह सारिका को रातापुर में एक खाली घर में ले गया जहां उसने उसे जबरदस्ती सल्फास की गोलियां खिला दीं और उसके बाद उसका गला घोंट दिया। मंतोष ने अपने चचेरे भाई के साथ शव को गांव के बाहर फेंक दिया।

उसने पुलिस को बताया कि सारिका उससे एक स्कूटी की मांग कर रही थी, जिससे वह अपनी नर्सिग की पढ़ाई के लिए जा सके। इसके अलावा मंतोष को सारिका के किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध होने का भी शक था।

मंतोष और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर उन पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें: लखनऊ का माज मर्डर केस: फिल्मी अंदाज में रची गई थी साजिश

यह भी पढ़ें: अलीगढ़ बवाल : 36 उपद्रवियों को मिनी गुंडा एक्ट के तहत नोटिस

 

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)