श्रद्धांजलि : पंचतत्व में विलीन हो गई ‘चांदनी’

0

करोड़ों लोगों के दिलों पर बरसों तक राज करने वाली बॉलिवुड की ‘रूप की रानी’ श्रीदेवी का मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। श्रीदेवी को उनके पति बोनी कपूर ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार से पहले श्रीदेवी को दुल्हन की तरह लाल कपड़ों में सजाया गया। श्रीदेवी के अंतिम दर्शन के लिए स्टार्स और फैन्स की भीड़ उमड़ पड़ी।

दुल्हन की तरह सजी श्रीदेवी

चांदनी के किरदार से मशहूर हुईं श्रीदेवी को अंतिम विदाई के लिए लाल रंग की बनारसी साड़ी में दुल्हन की तरह सजाया गया। श्रद्धांजलि देकर आ रहे कलाकारों के मुताबिक श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मांग भरी गई है। माथे पर लाल बिंदी और ओंठो पर लिपस्टिक भी लगी है। मोगरा के फूलों से भी सजावट की गई है।

फूट-फूटकर रो पड़ीं विद्या बालन

श्रीदेवी को देखकर हर किसी की आंखें नम थीं। बॉलिवुड ऐक्ट्रेस विद्या बालन खुद को संभाल नहीं पाईं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। वह रोते हुए बाहर निकली। श्रद्धांजलि सभा में श्रीदेवी के पति बोनी कपूर बिल्कुल खोए हुए थे। वह एकटक बस श्रीदेवी को ही देखते जा रहे थे। उनके पास ही दोनों बेटियां जाह्नवी और खुशी बैठी थीं, जिन्हें अर्जुन कपूर संभाल रहे थे।

मुझे लगा जैसे वह अभी बोल पड़ेंगीः कुनिका

श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने के बाद ऐक्ट्रेस कुनिका कपूर ने कहा, श्रीदेवी को मैं बहुत करीब से जानती हूं। उनको आखिरी बार देखते हुए ऐसा लग रहा था कि वह अभी बोल पड़ेंगी। अपनी आखिरी यात्रा में भी श्री उतनी ही खूबसूरत लग रही थीं जितनी वह हमेशा लगती थीं। उनके अंतिम दर्शन के बाद भी मुझे ऐसा लग रहा है कि वह मेरे साथ ही हैं।’

Also Read : भोले बाबा की नगरी काशी में ‘चिता की राख’ से खेली होली

सास के साथ पहुंचीं ऐश्वर्या

श्रीदेवी को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए ऐश्वर्या राय बच्चन अपनी सास जया बच्चन के साथ पहुंचीं। सुष्मिता सेन भी श्री के अंतिम दर्शन के लिए आईं। जॉन अब्राहम, हेमा मालिनी, तब्बू, अनुपम खेर जैसे सितारों ने सेलिब्रेशन क्लब में आकर श्रीदेवी को श्रद्धांजलि दी। माधुरी दीक्षित अपने पति श्रीराम नेने के साथ श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंची। विवेक ओबरॉय, सुरेश ओबरॉय, कोरियॉग्राफर सरोज खान जैसे दिग्गज कलाकारों ने भी बॉलिवुड की इस दिग्गज अदाकारा को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।

कपूर परिवार के सदस्य पहुंचे

श्रीदेवी के आखिरी दर्शन करने के लिए उनके देवर अनिल कपूर के तीनों बच्चे पहुंचे। अनिल कपूर की अभिनेत्री बेटी सोनम कपूर अपनी चाची को श्रद्धांजलि देने सेलिब्रेशन क्लब पहुंची। रेहा और हर्षवर्धन कपूर ने भी अपनी आंटी के आखिरी दर्शन किए। श्रीदेवी के सौतेले बेटे अर्जुन कपूर इस मुश्किल वक्त में लगातार अपनी छोटी बहनों जाह्नवी और खुशी को ढाढ़स दे रहे हैं। श्रीदेवी के छोटे देवर संजय कपूर पत्नी महीप कपूर के साथ सेलिब्रेशन क्लब पहुंचे।

फैंस की लगी लंबी कतार

श्रीदेवी की आखिरी विदाई में शामिल होने के लिए उनके फैंस की लंबी कतार उनके घर के बाहर से लेकर सेलिब्रेशन क्लब तक रही। सेलिब्रेशन क्लब से विले पार्ले के श्मशान भूमि तक भी फैंस बड़ी संख्या में अपनी चहेती अदाकारा को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंची।

(साभार- नवभारत टाइम्स)

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More