झारखंड में कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन को 47 सीटें, बीजेपी को 25 सीटें

0

झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन ने 47 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। मुख्यमंत्री का पद झामुमो के हेमंत सोरेन संभालेंगे। राज्य बनने के बाद 19 साल में सोरेन परिवार ने पांचवीं बार सत्ता हासिल की। हेमंत दूसरी बार सीएम का पद संभालेंगे। शिबू सोरेन 3 बार राज्य के सीएम रह चुके हैं। उनके बेटे हेमंत दुमका और बरहेट दोनों सीटों पर चुनाव जीते। उधर, 24 साल से जमशेदपुर पूर्व सीट जीत रहे रघुवर दास अपने ही पुराने सहयोगी सरयू राय से हार गए। झारखंड में हार के साथ ही भाजपा के हाथ से एक और राज्य निकल गया।

रघुवर के अलावा उनके 4 मंत्री हारे

रघुवर के अलावा उनके 4 मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ चुनाव और विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव चुनाव हार गए। भाजपा के रघुवर और लक्ष्मण को हार देखनी पड़ी। वहीं, झामुमो की सीता मुर्मु ने जामा विधानसभा सीट से जीत हासिल की। वे हेमंत सोरेन की भाभी हैं।

सबसे चौंकाने वाला परिणाम

राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व सीट 24 साल से जीतते आ रहे हैं। लेकिन, यहां उन्हें उनके ही पूर्व सहयोगी सरयू राय ने 15 हजार से ज्यादा वोटों से मात दे दी। वह भी तब, जब रघुवर दास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों ने चुनावी रैली की थीं। सरयू भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज थे और निर्दलीय चुनाव लड़ा। उन्होंने जीत के बाद कहा कि अब मेरे मुस्कुराने का वक्त है।

4 कैबिनेट मंत्री भी हार गए

मुख्यमंत्री रघुवर समेत उनकी कैबिनेट के 4 मंत्री चुनाव हार गए। इनमें लुइस मरांडी, राज पालीवार, आजसू के रामचंद्र सहिस हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव को भी करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

एक नजर में चुनाव परिणाम

झारखंड में कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन ने 47 सीटें जीत बहुमत हासिल किया, भाजपा को 25 सीटें मिलीं
19 साल में 5वीं बार सोरेन परिवार सत्ता में, हेमंत सोरेन दूसरी बार सीएम बनेंगे; शिबू सोरेन 3 बार सीएम रहे
रघुवर अपने ही पूर्व सहयोगी सरयू राय से जमशेदपुर पूर्व सीट हारे, वे इस सीट पर 24 साल तक चुनाव जीते
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष के अलावा रघुवर के 4 मंत्रियों की भी चुनाव में हार
दिसंबर 2017 में 72% आबादी वाले 19 राज्यों में एनडीए सरकार थी, अब 42% आबादी वाले 16 राज्यों में सिमटी

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More