क्यों धूम मचा रही बार्बी फिल्म, प्लास्टिक की दुनिया में प्यार चढ़ेगा परवान

0

लेडी बर्ड और लिटिल वुमन जैसी ऑस्कर नॉमिनेशन वाली फिल्मों की निर्देशक ग्रेटा गेरविग जब बार्बी जैसी विश्व प्रसिद्ध डॉल पर फिल्म लेकर आईं। एक बेहतरीन फिल्म की उम्मीद स्वाभाविक थी। ग्रेटा ने जब बार्बी को प्लास्टिक नहीं बल्की इंसानी रूप अर्थात लाइव-एक्शन में ढाल कर फिल्म बनाने की घोषणा की। तभी से इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था।

बार्बी सभी की न. 1 पसन्द

दशकों से बार्बी एक परफेक्ट डॉल की इमेज में पसंद की जाती रही है, जिसमें किसी नुक्स की कोई गुंजाइश ही नहीं। लुक्स हो या पहनावा या उसका हाउस अथवा रहन-सहन या उसकी एसेसरीज, सब कुछ एक परी कथा की तरह प्रलोभनकारी, मगर क्या होता है, जब बार्बी स्वयं सालों से स्थापित उस परफेक्ट इमेज पर सवालिया निशान लगा देती है। बार्बी के सेल्फ अस्तित्व के खोज के बहाने निर्देशक न केवल औरतों के लिए सदियों से बनाई गई धारणा को चुनौती देती है, बल्कि पेट्रियार्की पर भी करारा प्रहार करती है, मगर वे यह काम पुरुषों को नीचे दिखाए बगैर बड़ी चतुराई से कर ले जाती हैं।

बार्बी लैंड की कहानी में रोमांस

बार्बी की कहानी सपनों की दुनिया यानी बार्बी लैंड में रहने वाली बार्बी (मार्गोट रॉबी) से शुरू होती है। इस बार्बी लैंड में सब कुछ बहुत ही सुहावना और खूबसूरत है। बहुत सारी बार्बीज और केन (रयान गोस्लिंग) है। मगर एक दिन अचानक बार्बी को मौत का खयाल परेशान करता है,तो उसे बार्बी लैंड से इंसानों की असली दुनिया में भेज दिया जाता है, ताकि वह अपने साथ होने वाले इंपरफेक्शन का पता लगा सके। उसके इस सफर में केन भी उसके साथ निकल पड़ता है।

इंसानी दुनिया में जब बार्बी की हुई एंट्री

अब यहां से शुरू होता है एक रोमांचक सफर, जहां बार्बी इंसानी दुनिया की कड़वी सचाइयों और दुख से परिचित होती है। उसे ये जानकर आघात लगता है कि उसका उद्देशय भले लोगों को खुशियां और सपने बांटना रहा हो, मगर असली दुनिया का एक वर्ग उसकी परफेक्ट इमेज से नफरत भी करता है। उसे एहसास होता है कि उसका इरादा भले कभी किसी को दुख पहुंचाने का न रहा हो, मगर पितृसत्ताक द्वारा निर्धारित इस इमेज ने लोगों को नुकसान पहुंचाया है। बार्बी के साथ-साथ केन भी अपने होने की खोज करने लगता है कि उसके होने के मायने क्या हैं?

कहानी में दिमाग रहित गुड्डा

एक ऐसा गुड्डा जिसके पास दिमाग नहीं है, वो बस बार्बी के लिए धड़क रहा है। वास्तविक दुनिया में उसे मर्द quuहोने का महत्व समझ में आता है और अब वह इस मर्दवादी सोच को बार्बी की खूबसूरत और गुलाबी दुनिया पर लागू करना चाहता है। मगर क्या वो ऐसा कर पाता है? बार्बी लैंड और असली दुनिया के बीच उलझी बार्बी का क्या होता है? इन सवालों के जवाब आपको फिल्म में मिलेंगे।

कमाल की है बार्बी की स्टोरी टेलिंग

निर्देशक के रूप में ग्रेटा की स्टोरी टेलिंग की दाद देनी होगी। उन्होंने बार्बी, जो खूबसूरत है और किसी भी उपलब्धि को हासिल कर सकती है, वह डॉक्टर, वकील, नोबल पुरस्कार विजेता, एस्ट्रोनॉट सभी कुछ हो सकती है, मगर जब वह खुद को बदसूरत और अयोग्य समझने लगती है, तब उसके आंसू और इमोशंस को अपनी कहानी और कथ्यों के जरिए वे बहुत ही खूबसूरती से दिखा पाई हैं।

बार्बी के एक दृश्य ने छू लिया दिल

वास्तविक दुनिया में रहने वाली ग्लोरिया (अमेरिका फरेरा) के माध्यम से एक दृश्य में महिलाओं से की जानी वाली अपेक्षाओं और उनके प्रति अनग्रेटफुल रवैये को लेकर वे झड़ी लगा देती हैं। यह दृश्य दिल को छू जाता है। बार्बी की दूसरी खूबी है, उसका रंग-बिरंगा सेट डिजाइन, जिसे बार्बी के फेवरेट गुलाबी कलर से निखारा गया है। ग्रेटा भले नारीवाद की पैरवी करती दिखती हैं, मगर फिल्म के मनोरंजन के पलों में कमी नहीं आने देती। उनके विचित्र किरदार भी समा बांधे रहते हैं। जब भी कहानी अपने मुद्दे के कारण गंभीर होती है, निर्देशक उसे गानों और कॉमिडी के पंचेज से बोझिल होने से बचा लेती है।

मार्गोट ने निभाया है बार्बी का रोल

बार्बी के रूप में मार्गोट की तारीफ करनी होगी। उन्होंने प्लास्टिक गुड़िया के साथ-साथ हूयमन अवतार को बहुत ही कुशलता से जिया है। बार्बी के रूप में डॉल का बॉडी लैंग्वेज और इमोशन पैदा होने पर आए भावों को वे खूबसूरती से निभा ले जाती हैं। केन के रूप में रयान गोस्लिंग भी कहीं से उन्नीस साबित नहीं होते। बार्बी के सबसे उपेक्षित किरदार को पर्दे पर करने के लिए काफी कुछ मिला है और रयान उसका पूरा फायदा उठाते हैं। सिमू लियू मजेदार और आकर्षक लगे हैं। ग्लोरिया के रूप में अमेरिका फेरेरा ने एक कामकाजी सिंगल मॉम और बार्बी लवर को बखूबी निभाया है। वियर्ड बार्बी के रूप में केट मैकिनॉन जंची हैं। बॉस की भूमिका में विल फेरेल मजे करवाते हैं। एमराल्ड फेनेल और सहयोगी कास्ट अच्छी रही है।

 

 

Also Read : एटीएस की पूछताछ से बीमार पड़ी सीमा हैदर, नेपाल के होटल में नहीं मिला रिकार्ड

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More