UP: कांग्रेसी कैंपेन में 400 करोड़ रुपए खर्च करने का प्लान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव में कसौटी पर भले कांग्रेस हो, लेकिन दाव पर साख प्रशांत किशोर की है। प्रशांत किशोर, राजनीति में वो तुरुप का इक्का हैं, जिसने पहले नरेन्द्र मोदी को केन्द्र की सत्ता तक पहुंचने में मदद की और फिर नितीश कुमार को बिहार की गद्दी कायम रखवाई।

अब ऐसे में भला देश की सबसे ओल्ड पार्टी कांग्रेस कैसे राजनीति के इस महारथी को नजरअंदाज कर सकती है। लिहाजा, प्रशांत किशोर के सहारे अब कांग्रेस ने 2017 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में कम से कम 100 सीट जीतने का सपना संजोया है। इसका ठेका प्रशांत किशोर को दिया जा चुका है। किशोर के कहने पर कांग्रेस 400 करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है।

एक अनुमान के मुताबिक, 400 करोड़ रुपए का कैंपेन बजट, चुनाव स्ट्रैटेजी के लिए 500 वर्करों की टीम के साथ सूबे के 403 विधानसभा चुनाव की तैयारी में प्रशांत जुट गए हैं। किशोर की रणनीति के मुताबिक, चुनाव के कमान प्रियंका गांधी के हाथ में रहेगी।

पीके की राय में प्रियंका चुनाव में गेम चेंजर हो सकती हैं। उनकी सेवाओं को पूरे सूबे में लिया जाना चाहिए। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की राह बहुत आसान नहीं होगी। यूपी के 2012 में हुए चुनाव में कांग्रेस महज 28 सीटों पर जीत हासिल कर पायी थी। तब यह चौथे नम्बर की पार्टी थी।

पार्टी प्रवक्ता जीशान हैदर के मुताबिक, अगर प्रियंका गांधी चुनाव मैदान में उतरती हैं तो कांग्रेस 100 का आंकड़ा पार कर जाएगी और सूबे में वो किंग मेकर की स्थिति में होगी। इसके अलावा  शीला दीक्षित भी उतर सकती हैं। शीला खत्री हैं और उन्होंने एक ब्राह्मण से शादी की थी। खत्री और ब्राहमण का ये गणित यूपी की राजनीति में काम आ सकता है। किशोर और शीला की मुलाकात भी हो चुकी है।

वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 200 रैलियों में भाग लेंगे। इस पूरे कैंपन में एक अनुमान के मुताबिक, लगभग 400 करोड़ रुपए खर्च होंगे जो कि भाजपा के पार्टी कैंपेन खर्च से काफी कम होगा।