उ.प्र. संगीत नाटक अकादमी पुरस्कारों की घोषणा, ये कलाकार हुए चयनित

0

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष डॉ. पूर्णिमा पाण्डेय ने आज गोमती नगर स्थित अकादमी के हाल में वर्ष 2009 से 2018 तक अकादमी पुरस्कार, सफदर हाशमी पुरस्कार, बीएमशाह पुरस्कार तथा रत्न सदस्यों हेतु चयनित कलाकारों की सूची की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कला एवं कलाकारों को सम्मान देने की दिशा में अकादमी द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। चयनित कलाकारों को आगामी अक्टूबर माह में सम्मानित किया जायेगा इसके लिए शासन से 86 लाख रूपये की धनराशि का अनुरोध किया गया है।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. पांडेय ने बताया कि अकादमी पुरस्कारों के लिए चयनित कलाकारों को ताम्रपत्र, अंग वस्त्र तथा दस हजार एक रूपये की धनराशि पुरस्कार रूप प्रदान की जाती है। इसी प्रकार सफदर हाशमी पुरस्कार के लिए चयनित कलाकारों को भी इतनी ही धनराशि ताम्रपत्र एवं अंग वस्त्र प्रदान किया जाता है। सफरदर हाशमी पुरस्कार 2017 के लिए पूर्वा नरेश, लखनऊ रंगमंच निर्देशन तथा वर्ष 2018 के लिए भूपेश जोशी, पिथौरागढ रंगमंच निर्देशन के लिए चयनित किया गया है।

डॉ. पाण्डेय ने बताया कि बीएमशाह पुरस्कार के लिए वर्ष 2017 के लिए देवेन्द्र राज अंकुर, सिरसा, हरियाणा को रंगमंच निर्देशन तथा वर्ष 2018 के लिए निरजंन गोस्वामी, कोलकाता को मूकाभिनय के लिए चुना गया है। इन दोनों कलाकारों को ताम्रपत्र, अंगवस्त्र एवं 25-25 हजार रूपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जायेगी। अकादमी पुरस्कार 2009 के लिए 10 कलाकारों, वर्ष 2010 के लिए 09 कलाकारों, वर्ष 2011 के लिए 10 कलाकारों, वर्ष 2012 हेतु 11 कलाकारों, वर्ष 2013 के लिए भी 11 कलाकारों, वर्ष 2014, 2015, 2016, 2017 व 2018 के लिए 11-11 कलाकारों को चयनित किया गया है। इसके अलावा 05 रत्न सदस्यों का चयन किया गया है। इनको ताम्रपत्र व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जायेगा।

यह भी पढ़ें: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ सम्मेलन को किया संबोधित

डॉ. पूर्णिमा पाण्डेय ने बताया कि पुरस्कृत किये जाने वाले कलाकारों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती गयी। चयन के लिए विशेषज्ञों की चार समितियां बनायी गयी थी। चार स्तरों पर गहन परिक्षण के बाद कलाकारों का चयन किया गया। चयन के लिए लगभग पॉच सौ प्रविष्टियां आयी थी। इस अवसर पर निदेशक, कथक केन्द्र, तरूणराज, सौरभ तथा संगीत नाटक अकादमी के विभिन्न महानुभाव उपस्थित थे। इस मौके पर अध्यक्ष ने उपस्थित महानुभावों को अकादमी द्वारा आयोजित सुविख्यात कथकाचार्य पं0 लच्छू महाराज की स्मृति में आयोजित ‘‘नमन‘‘ कार्यक्रम का निमंत्रण भी दिया। यह कथक नृत्य 31 अगस्त, 2019 एवं 01 सितम्बर, 2019 को सांय 06.30 बजे संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह, अकादमी परिसर, गोमती नगर में प्रस्तुत किया जायेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More