डोकलाम : संसदीय समिति के साथ राहुल गांधी लेंगे सीमा का जायजा

0

एक दिन पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने डोकलाम मसले को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की थी, अब वह खुद हालात का जायजा लेने चीन से लगते इलाकों का दौरा करने जा रहे हैं। दरअसल, कांग्रेस के सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में विदेश मामलों की संसदीय समिति अगले महीने सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों का दौरा करेगी। सूत्रों के मुताबिक इस टीम में राहुल गांधी भी शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि समिति के सदस्य डोकलाम संकट के बाद के हालात का जायजा लेंगे।

73 दिनों तक चला था डोकलाम विवाद

आपको बता दें कि पिछले साल भारत और चीन के सैनिक डोकलाम में 73 दिनों तक आमने-सामने थे। हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चीन दौरे के समय भी कांग्रेस ने डोकलाम पर सरकार के अस्पष्ट अजेंडे को लेकर केंद्र पर निशाना साधा था। ऐसे में संसदीय समिति का दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समिति डोकलाम में भारत-चीन सैन्य गतिरोध के तमाम पहलुओं पर गौर कर रही है। पूर्व और मौजूदा विदेश सचिव विजय गोखले के द्वारा समिति को कई बार इस मामले पर जानकारी दी जा चुकी है।

Also Read : सीएम बिप्लब के बयान पर मुच्छड़ की बाते सुनकर हैरान हो जाएंगे आप

जमीनी हकीकत समझने के लिए करेंगे दौरा

एक सूत्र ने कहा, ‘दो राज्यों सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में जमीनी हकीकत को समझने के लिए समिति के सदस्य दौरा करेंगे।’ एक अन्य सूत्र ने कहा कि उद्देश्य स्पष्ट है, भारत-चीन सीमा पर आज के हालात कैसे हैं, इसकी समीक्षा की जाएगी। सूत्र ने यह भी कहा कि संभव हुआ तो जिस इलाके में घुसपैठ हुई थी, समिति के सदस्य वहां भी जा सकते हैं।

डिफेंस अधिकारियों के साथ करेंगे मुलाकात

बताया जा रहा है कि आसमान से इलाके का निरीक्षण करने के लिए हेलिकॉप्टर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा पैनल के सदस्य वहां तैनात टॉप सिक्यॉरिटी और डिफेंस अधिकारियों के साथ वार्ता करेंगे। पिछले साल 16 जून को सिक्किम सेक्टर में भारत और चीन की सेनाओं के बीच 2 महीने से ज्यादा समय तक गतिरोध रहा था।

दरअसल, भारतीय सेना ने विवादित ट्राइ-जंक्शन में चीनी सैनिकों को सड़क बनाने से रोक दिया था। इस पर विवाद बढ़ गया। आपको बता दें कि डोकलाम को लेकर चीन और भूटान में विवाद है। इससे पहले विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने 31 सदस्यीय संसदीय समिति को जानकारी दी थी कि भूटान इस मसले पर पूरी तरह से भारत के साथ है।

राहुल गांधी ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से की थी बात

सूत्रों ने बताया कि चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से पूछा था कि आखिर डोकलाम विवाद को लेकर चीन की मंशा क्या है? उन्होंने पूछा था कि पेइचिंग ने आखिर डोकलाम को ही क्यों चुना। राहुल गांधी ने उन रिपोर्टों के बारे में भी पूछा था जिसमें कहा गया है कि डोकलाम के पास चीन काफी निर्माण कार्य करा रहा है। इस पर अधिकारियों ने कहा है कि भारतीय क्षेत्र में चीन कुछ भी नहीं कर रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More