पाकिस्तान सेना ने जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा और अखनूर सेक्टर में एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलीबारी शुरू कर दी। इस फायरिंग में केजी सेक्टर में सेना का एक जवान शहीद हो गया, जबकि आरएस पुरा सेक्टर में 15 साल के एक युवक सहित दो लोगों की मौत हो गई, वहीं पांच अन्य नागरिक घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी रेंजर्स ने दागे मोर्टार
बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने शनिवार सुबह अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे हुए गांवों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की और मोर्टार दागे। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान जान-माल को नुकसान पहुंचाने के लिए गांव को निशाना बना रहा है, लेकिन बीएसएफ उसे मुंहतोड़ जवाब दे रहा है।
बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि सीमा से लगे इलाकों में रहने वाले आठ से नौ हजार लोग सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं। इनमें से ज्यादातर लोग अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं। वहीं 1,000 से ज्यादा लोग आरएस पुरा, सांबा और कठुआ में बने राहत शिविरों में रह रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़े तनाव को देखते हुए अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा और जम्मू में नियंत्रण रेखा से हुए लगे हुए इलाकों में अगले तीन दिनों के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया है।
पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में दो सैनिकों, दो नागरिकों की मौत
इससे पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा से लगे जम्मू कश्मीर के चार जिलों में सीमा चौकियों और रिहाइसी इलाकों पर गोलिबारी की थी, जिसमें सुरक्षाबलों के दो जवान और दो आम नागरिकों की मौत हो गई थी। पाकिस्तान की तरफ से इस गोलीबारी में 35 लोग घायल भी हुए थे।
Also Read : विहिप के पदाधिकारी कर रहे तोगड़िया से किनारा
थल सेना के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पाकिस्तानी सेना ने शाम साढ़े छह बजे से नियंत्रण रेखा पर सुंदरबनी सेक्टर में बगैर उकसावे के छोटे हथियारों, स्वचालित हथियारों और मोर्टार से अंधाधुंध फायरिंग की। इस पर, भारतीय थलसेना ने जोरदार और प्रभावी जवाब दिया। उन्होंने बताया कि दोनों ओर से हुई गोलीबारी में लांसनायक सैम अब्राहम की मौत हो गई। वह केरल के रहने वाले थे।
पाक सेना ने गुरुवार को भी तोड़ा था सीजफायर
बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भी पाकिस्तान की तरफ से इन्हीं दोनों सेक्टर में फायरिंग की गई थी। इसमें एक भारतीय जवान शहीद हो गया था, जबकि एक नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए भारतीय जवानों ने पाकिस्तान के 4 पोस्ट को ध्वस्त कर दिया।
सीजफायर तोड़ने पर विदेश मंत्रालय ने पाक उप उच्चायुक्त को लगाई डांट
वहीं पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रहे सीजफायर उल्लंघन के मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के उप उच्चायुक्त सैयद हैदर शाह को तलब और पाकिस्तान को अपनी हरकतों से बाज आने की हिदायत दे डाली। मंत्रालय की ओर से बताया गया कि पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलीबारी में निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। 2018 में अब तक 100 से अधिक बार सीज फायर का उल्लंघन किया गया है।
(साभार- न्यूज18 हिंदी)