उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के एक बड़े नेता ने अपनी बेटी को जबरन एक साल तक बंधक बनाए रखा। बेटी का कसूर केवल इतना था कि उसने अपने पिता की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी।
इस खता की सजा बेटी को एक साल तक भुगतनी पड़ी। एक साल तक सपा नेता ने अपनी बेटी को एक फ्लैट में बंधक बनाए रखा। इस दौरान पिता ने उसे प्रताड़ित भी किया और जान से मारने की कोशिश भी की।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आशा ज्योति केंद्र और पुलिस टीम की मदद से पति ने कैद में रखी अपनी पत्नी को छुड़ाया। फिलहाल लड़की को पुलिस ने उसके पति के सुपुर्द कर दिया है।
क्या है मामला?-
जानकारी के मुताबिक लड़की ने अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ 19 जून 2018 को प्रेम विवाह कर लिया था। लड़की के पिता समाजवादी पार्टी के बड़े नेता है। मामा अखिलेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
परिजन लड़की के प्रेम विवाह के खिलाफ थे। 19 जून को अलीगंज के आर्य समाज मंदिर में शादी करने के बाद विवाहित दंपति अपने गांव के लिए गाड़ी से निकले लेकिन उन्हें बीच में ही रोक लिया गया।
लड़की के परिजनों ने लड़के की खूब पिटाई की और लड़की को अपने साथ ले गए। तब से लेकर अब तक, करीब एक साल, लड़की को बंधक बनाकर रखा।
लड़की को जान से मारने की साजिश-
लड़की का आरोप है कि इस दौरान उस पर शादी तोड़ने का दबाव बनाया गया और उसे प्रताड़ित किया गया। तमाम यातनाएं सहने और दवाब के बावजूद लड़की रिश्ता तोड़ने के लिए राजी नहीं हुई। इसके बाद परिजनों ने लड़की को जान से मारने की साजिश रचना शुरू कर दी थी।
पीड़िता ने किसी तरह अपनी सहेली की मदद से पति को पूरी घटना के बारे में बताया। युवक ने पहले आशा ज्योति केंद्र से मदद मांगी। इसके बाद आशा ज्योति केंद्र ने पुलिस के साथ मिलकर लड़की को कैद से छुड़ाया।
यह भी पढ़ें: सपा नेता का अपहरण कर धारदार हथियार से की हत्या, सड़क पर फेंका शव
यह भी पढ़ें: सपा नेता हत्याकांड में तीन गिरफ्तार, पुरानी रंजिश के चलते हुई थी हत्या
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)