अलीगढ़ में बोले पीएम मोदी- पहले चलता था माफियाओं का राज, योगी सरकार में सब पहुंचे जेल

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय और डिफेंस कॉरिडोर का शिलान्यास किया।

इस दौरान यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। इसके बाद अलीगढ़ में पीएम मोदी एक जनसभा को भी संबोधित किया है।

उन्होंने कहा कि आज अलीगढ़ के लिए और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बहुत बड़ा दिन है।

कल्याण सिंह को किया याद

इस दौरान कल्याण सिंह को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं आज इस धरती के महान सपूत, स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति बहुत ज्यादा महसूस कर रहा हूं।’

उन्होंने कहा​ कि अगर आज कल्याण सिंह हमारे साथ होते तो राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश होते।

’20वीं सदी की गलतियों को सुधार रहा 21वीं सदी का भारत’

पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारी आजादी के आंदोलन में ऐसे कितने ही महान व्यक्तित्वों ने अपना सब कुछ खपा दिया। लेकिन ये देश का दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और राष्ट्र नायिकाओं की तपस्या से देश की अगली पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया।’

आगे उन्होंने कहा कि उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गईं। 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘राजा महेंद्र प्रताप सिंह जी के जीवन से हमें अदम्य इच्छाशक्ति, अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी कर गुजरने वाली जीवटता सीखने को मिलती है। वो भारत की आजादी चाहते थे और अपने जीवन का एक-एक पल उन्होंने इसी के लिए समर्पित कर दिया था।’

‘दुनिया देख रही भारत की तरफ’

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश ही नहीं दुनिया भी देख रही है कि आधुनिक ग्रेनेड और राइफल से लेकर लड़ाकू विमान, ड्रोन, युद्धपोत तक भारत में ही निर्मित किए जा रहे है। भारत दुनिया के एक बड़े defence importer की छवि से बाहर निकलकर दुनिया के एक अहम defence exporter की नई पहचान बनाने की तरफ बढ़ रहा है।

आगे पीएम मोदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। ये तब होता है जब निवेश के लिए ज़रूरी माहौल बनता है, जरूरी सुविधाएं मिलती हैं। आज उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है।

सीएम योगी की तारीफ की

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘यूपी के लोग भूल नहीं सकते कि पहले यहां किस तरह के घोटाले होते थे, किस तरह राज-काज को भ्रष्टाचारियों के हवाले कर दिया गया था। आज योगी जी की सरकार पूरी ईमानदारी से यूपी के विकास में जुटी हुई है।’

आगे पीएम ने कहा कि एक दौर था जब यहां शासन-प्रशासन, गुंडों और माफियाओं की मनमानी से चलता था। लेकिन अब वसूली करने वाले, माफियाराज चलाने वाले सलाखों के पीछे हैं।

यह भी पढ़ें: सीएम योगी पर ओवैसी का पलटवार, कहा- काम किया होता तो ‘अब्बा-अब्बा’ न चिल्लाना पड़ता

यह भी पढ़ें: PM मोदी का अलीगढ़ दौरा : राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की रखेंगे आधारशिला

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं। अगर आप हेलो एप्प इस्तेमाल करते हैं तो हमसे जुड़ें।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More