करिश्मा-संजय के बीच तलाक पर बनी सहमति

0

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर और उनके पति संजय कपूर के बीच तलाक के केस को लेकर समझौता हो गया है। दोनों के बीच बच्चों की कस्टडी को लेकर असहमति थी। लेकिन कोर्ट ने फैसला किया कि बच्चे करिश्मा के पास ही रहेंगे और संजय को उनसे मिलने की इजाजत है।

बता दें कि करिश्मा कपूर ने 29 सितंबर, 2003 को बिजनेसमेन संजय कपूर से शादी की और 2012 में दोनों अलग हो गए थे। करिश्मा, संजय की दूसरी पत्नी हैं और इस शादी से दोनों के दो बच्चे समायरा और कियान हैं। करिश्मा फिलहाल मुंबई में अपनी मां के साथ रह रही हैं।

करिश्मा ने शीर्ष अदालत को आश्वस्त किया कि वह संजय कपूर और उनकी मां के खिलाफ दायर घरेलू हिंसा का मामला दो सप्ताह में वापस ले लेंगी। समझौते में संजय ने अपना मुंबई का घर करिश्मा के नाम कर दिया है। साथ ही संजय ने दोनों बच्चों के लिए 14 करोड़ का बॉन्ड खरीदा है। इस बॉन्ड के जरिए बच्चों को खर्च के लिए हर महीने 10 लाख रुपए मिलेंगे।

इससे पहले मुंबई की एक कोर्ट में दायर याचिका में संजय आरोप लगा चुके हैं कि करिश्मा ने सिर्फ पैसे और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए उनसे शादी की थी। संजय के आरोपों को करिश्मा कपूर के पिता रणधीर कपूर ने गलत बताते हुए कहा था कि हमारे बारे में सब जानते हैं। हम दूसरों के पैसे लेकर जीने वाले लोग नहीं हैं। भगवान ने हमें पैसा और टैलेंट, दोनों दिए हैं।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More