उपराष्ट्रपति के तौर पर नायडू की चुनौतियां भी कम नहीं

0

उपराष्ट्रपति का चुनाव जीतने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार एम़ वेंकैया नायडू को लगातार बधाईयां मिल रही हैं। सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, नीतीश कुमार सहित बिहार व देश भर के अनेक नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनके पुत्र और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी नायडू को उपराष्ट्रपति चुने जाने पर शुभकामनाएं दीं।
दूसरी ओर देश का नया उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद वेंकैया नायडू ने सभी देशवासियों को शुक्रिया कहा।

वेंकैया नायडू के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं। सबसे बड़ी चुनौती राज्यसभा के अंदर संतुलन बनाने की होगी। उपराष्ट्रपति के हाथ ही राज्यसभा के संचालन की जिम्मेदारी होती है। फिलहाल राज्यसभा में एनडीए के पास पर्याप्त बहुमत नहीं है। वहीं विपक्ष उन्हें तटस्थता की कसौटी पर भी बार बार परखने की कोशिश करेगा।

अभी वेंकैया के सामने इस साल संसद के शीतकालीन सत्र से राज्यसभा संचालन की जिम्मेदारी रहेगी। अगले सत्र में ओबीसी कमिशन से जुड़ा बिल हो या बाकी अहम मामले, उसपर नायडू की भूमिका अहम रहेगी। मोदी सरकार को अब तक 3 वर्षों में राज्यसभा में कई मौकों पर असहज स्थिति का सामना करना पड़ा है।

2 बार तो राष्ट्रपति के अभिभाषण में संशोधन प्रस्ताव तक को मंजूर करवाया गया। हालांकि, अब धीरे-धीरे हालात बीजेपी के पक्ष में होने लगे हैं और पहली बार राज्यसभा में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। सरकार अपने टर्म के अंतिम डेढ़ साल में ज्यादा से ज्यादा बिल पास कराने की भी कोशिश करेगी। ऐसे में नायडू की भूमिका अहम होने के साथ ही चुनौतीपूर्ण भी होने वाली है।

शायद इसे भांपकर ही नवनियुक्त उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा है कि राज्यसभा के सभापति के रूप में वह निर्भय और निष्पक्ष होकर सदन की कार्यवाही का संचालन करने, और सभी सदस्यों की मदद से उसकी मर्यादा व शिष्टाचार को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।

वेकैया जानते हैं कि निवर्तमान उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का दोनों टर्म काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। इस दौरान वह विपक्षी दलों के निशाने पर भी आए और कुछ मौकों पर विवाद भी हुआ। शायद वेकैया फूंक फूंक कर ही कदम उठायेंगे।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More