राष्ट्रीय एकता अभियान के तहत भाजपा करेगी जन जागरण

jan jagran campaign BJP Lucknow over article 370 and 35 A

भारतीय जनता पार्टी अनुच्छेद 370 के जन्म से लेकर उसके अंत तक का इतिहास लेकर जन-गण के मन तक जन जागरण अभियान चलायेगी। राष्ट्रीय एकता अभियान के तहत जन जागरण और संपर्क अभियान के माध्यम से पार्टी देश में 370 छोटी और 35 बड़ी सभाओं का आयोजन करेगी। प्रदेश के लखनऊ व प्रयागराज की बड़ी सभाओं में राष्ट्रीय नेता अनुच्छेद 370 का सच लेकर जनता के बीच होंगे। गांधी जंयती 2 अक्टूबर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 30 अक्टूबर तक पार्टी जन जागरण से राष्ट्रीय एकता का संकल्प लेकर पदयात्रा करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा सप्ताह के रूप पार्टी विभिन्न प्रकार के सेवा कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। पार्टी के राज्य मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने राष्ट्रीय एकता अभियान की बैठक में कहा कि, आगामी दिनों में भाजपा जनजागरण, संपर्क अभियान, सेवा सप्ताह तथा पदयात्रा कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच पहुंचेगी। आगामी स्नातक चुनावों को लेकर भी आज पार्टी मुख्यालय पर बैठक हुई।

देश के साथ कश्मीर भी बढ़े आगे:

प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने बैठक के दौरान राष्ट्रीय एकता अभियान को विस्तार से रखते हुए कहा कि, देश आगे बढ़ रहा है और इसके साथ ही कश्मीर भी आगे बढ़े। इसके लिए अनुच्छेद 370 और 35ए को समाप्त करना जरूरी था। अनुच्छेद 370 के कारण कश्मीर भ्रष्टाचार का केन्द्र बन गया था। कश्मीर में अनुसूचित और पिछड़े अपने अधिकारों से वंचित थे।

केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वहां की जनता को नहीं मिल पा रहा था और अनुच्छेद 370 की आड़ में अलगाववाद को हवा देकर देश को कमजोर करने की साजिशें निरंतर हो रही थी। आज ऐतिहासिक दिन आया है जो देश की एकता और अखण्डता के संकल्प को पूरा कर मोदी सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त किया है।

बंसल ने कहा कि, कार्यकर्ताओं की योग्यता, क्षमता तथा योजकता की परीक्षा है। संगठन, पुनर्गठन के साथ ही राष्ट्रीय एकता अभियान भी चलेगा। पार्टी प्रदेश के सभी 75 जिलों में सभाएं आयोजित कर अनुच्छेद 370 और 35ए के इतिहास को जनता तक पहुंचायेगी। 11 सितम्बर से 17 सितम्बर तथा 23 सितम्बर से 30 सितम्बर तक होने वाली सभाओं में व्यापारी, शिक्षक, अधिवक्ता समाज के प्रबुद्धजन, अन्य दलों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, मैनेजमेंट तथा सामाजिक संगठन से जुड़े लोगों के बीच कश्मीर की समस्या तथा अनुच्छेद 370 के कारण बदहाल हुए कश्मीर का वास्तविक लेखा-जोखा पार्टी प्रस्तुत करेगी। 73 जिलों में छोटी सभाएं होगी एवं लखनऊ व प्रयागराज में बड़ी सभाओं के माध्यम से कश्मीर का सच जनता के बीच लेकर जायेंगे। सभी छोटी सभाओं में केन्द्र व प्रदेश से एक-एक नेता, पदाधिकारी या मंत्री पहुंचेंगे। सभा स्थल पर ही प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी, जिसमें चित्रों के माध्यम से अनुच्छेद 370 के कारण हुई बदहाली की हकीकत की जनता के बीच प्रदर्शित की जायेगी।

यह भी पढ़ें: पुतिन ने गले मिलकर किया पीएम का स्वागत

यह भी पढ़ें: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ सम्मेलन को किया संबोधित

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)