नागरिकता बिल: असम-त्रिपुरा में हालात बिगड़े, पुलिस ने चलाई गोलियां

0

नागरिकता बिल को लेकर पूरे पूर्वोत्तर भारत में विरोध बढ़ता ही जा रहा है। विरोध का स्वर दिनोंदिन तेज होता जा रहा है। कई जगह आगजनी की घटनाएं भी होने की सूचना है।

असम में नागरिकता विधेयक को लेकर विरोध और तेज हो गया है। गुवाहाटी में हजारों लोग कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए गुरुवार को सड़क पर उतर आए और कई स्थानों पर स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को गोलियां भी चलानी पड़ी।

मुस्लिमों को भारत की नागरिकता नहीं दी जा सकती

लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी बुधवार को नागरिकता संशोधन बिल पास हो गया। लेकिन इस बिल को लेकर बवाल जारी है। देश के कई हिस्सों में इस बिल का जबरदस्त विरोध हो रहा है। इस बिल के मुताबिक इन देशों के मुस्लिमों को भारत की नागरिकता नहीं दी जा सकती। अब इस बिल का इन दोनों देशों ने भी विरोध किया है। नागरिकता संशोधन बिल पर बांग्लादेश ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमेन ने कहा कि नागरिकता विधेयक से भारत की ऐतिहासिक धर्मनिरपेक्ष छवि कमजोर होगी। उन्होंने अपने देश में धार्मिक अल्पसंख्यकों को सताए जाने के आरोपों का भी खंडन किया। बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने कहा कि बहुत कम देश हैं जहां बांग्लादेश की तरह सांप्रदायिक सद्भाव अच्छा है। अगर वह (गृह मंत्री अमित शाह) कुछ महीनों के लिए बांग्लादेश में रहें तो उन्हें हमारे देश में सांप्रदायिक सद्भाव दिखाई देगा।

डीजीपी के काफिले पर पथराव

गुवाहाटी में असम के पुलिस प्रमुख भास्कर ज्योति महंत के काफिले पर पथराव किया गया। यह हमला उस वक्त हुआ, जब वह नागरिकता (संशोधन) विधेयक के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन का सामना कर रहे शहर का दौरा कर रहे थे। महंत का काफिला क्रिश्चियन बस्ती के पास गुवाहाटी-शिलांग रोड पर था, जहां यह हमला हुआ। काफिले में मौजूद कई वाहनों पर पथराव किया गया। काफिले को कई बार रुकना पड़ा क्योंकि पूरे मार्ग को प्रदर्शनकारियों ने बाधित कर रखा था। उन्होंने सड़क पर लकड़ी और लोहे के बैरीकेड लगा रखे थे।

अगप मुख्यालय पर हमला

गुवाहाटी के अंबारी क्षेत्र में असम गण परिषद् (अगप) के मुख्यालय पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया, बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ हुई। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी शहर के मध्य में गोपीनाथ बोरदोलोई रोड पर स्थित इमारत में घुस गए और खिड़कियों के शीशों को तोड़ दिया और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि इमारत के बाहर खड़े पुलिस के वाहनों सहित कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।

अभिनेता व असम भाजपा नेता जतिन बोरा ने पार्टी से इस्तीफा दिया।

मुख्यमंत्री ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, ‘मैं असम के सभी लोगों से शांति और सौहार्द्र बनाए रखने की अपील करता हूं। यह हमारी सांस्कृतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक परंपरा है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि हमेशा की तरह असम के लोग आने वाले समय में शांति बनाए रखेंगे।’

असम में इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी, अधिकारियों का तबादला

नागरिकता (संशोधन) विधेयक के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच असम में गुरुवार दोपहर 12 बजे से लेकर अगले 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। वहीं गुवाहाटी पुलिस आयुक्त दीपक कुमार को हटाया गया। अब मुन्ना प्रसाद गुप्ता शहर के नए पुलिस आयुक्त होंगे। असम के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) मुकेश अग्रवाल को एडीजीपी (सीआईडी) के रूप में स्थानांतरित किया गया, उनके स्थान पर जीपी सिंह नियुक्त हुए।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More