ओम प्रकाश राजभर आज लखनऊ रैली में खोलेंगे पत्ते

0

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर शनिवार को रैली कर रहे हैं। यूपी की राजधानी लखनऊ के रमाबाई मैदान में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सोलहवें स्थापना दिवस के मौके पर इसे आयोजित किया जा रहा है। इस रैली में राजभर बम फोड़ सकते हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि वे भाजपा से अलग होने की बड़ी घोषणा कर सकते हैं।

बीते काफी दिनों से भाजपा से नाराज चल रहे राजभर आये दिन कभी भाजपा तो कभी योगी सरकार पर किसी न किसी मामले को लेकर नाराजगी जाहिर करते या कोसते नजर आते रहते हैं। इसी नाराजगी के चलते वो कई बार अलग होने की धमकी भी दे चुके हैं। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि रैली के बहाने अलग होने जैसी बड़ी घोषणा कर सकते हैं।

रैली के बहाने पत्ते खोलने की तैयारी में हैं

राजभर पिछड़ा वर्ग के 27 प्रतिशत आरक्षण में अति पिछड़ों को अलग से आरक्षण दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इस मांग को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी दो बार मुलाकात कर चुके हैं। अमित ने 26 अक्टूबर तक का समय दिया था जो कि शुक्रवार को खत्म हो गया। वे रैली के बहाने पत्ते खोलने की तैयारी में हैं। इस रैली की जिम्मेदारी उनके बेटे अरविंद राजभर पर है।

राजधानी लखनऊ में जगह-जगह लगे होर्डिंग और बैनर

राजभर की रैली के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो चुके हैं। साथ ही राजधानी लखनऊ के चौराहों पर खासकर लोहिया पथ गोमतीनगर 1090 चौराहे तक बड़े-बड़े होर्डिंग और पार्टी के झंडे और बैनर लगाए गए हैं। बैनरों और होर्डिंगों में राजभर के दो बेटों की तस्वीरें लगाई गई हैं। इतना ही नहीं रमाबाई मैदान में लोगों का हाथ में झंडा लिए जमावड़ा भी लगा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More