President Election: JDU के बाद द्रौपदी मुर्मू को मिला BJD का समर्थन, 24 जून को करेंगी नामांकन, नीतीश ने जताई खुशी

0

ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने राज्य विधान सभा के सभी सदस्यों से ओडिशा की बेटी व एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च पद के लिए सर्वसम्मति से समर्थन देने की अपील की है. इस पर द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि वह ओडिशा के सभी विधायकों और सांसदों का समर्थन पाने को लेकर आशान्वित हैं, क्योंकि वह मिट्टी की बेटी हैं. बता दें इससे पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने राष्‍ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के समर्थन देने का ऐलान किया. जेडीयू के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बुधवार को ट्वीट के जरिये द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का ऐलान कर दिया.

64 वर्षीय द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को अपने रायरंगपुर आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा ‘मैं हैरान भी हूं और खुश भी. एक आदिवासी महिला होने के नाते मैंने इस पद के लिए उम्मीदवार बनने के बारे में सोचा भी नहीं था.’ अगर मुर्मू चुनाव जीतती हैं तो ओडिशा की पहली और शीर्ष सांविधानिक पद पर बैठने वाली देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी.

Who is Droupadi Murmu? NDA's Presidential candidate | Deccan Herald

24 जून को मुर्मू अपना नामांकनपत्र दाखिल करेंगी. राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नामांकन के लिए 50 प्रस्तावक और 50 अनुमोदक की जरूरत होती है. भाजपा सूत्रों के मुताबिक, मुर्मू के लिए कम से कम चार सेट नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे. इस बीच भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर पार्टी के नेताओं से मुलाकात की. वह राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए देशभर का दौरा करेंगे.

सीएम नीतीश कुमार ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर खुशी जताई है. नितीश ने ट्वीट में लिखा ‘द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाना खुशी की बात है. द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं. एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाना अत्यंत प्रसन्नता की बात है.’

अपने दूसरे ट्वीट में नितीश ने लिखा ‘द्रौपदी मुर्मू उड़ीसा सरकार में मंत्री तथा इसके पश्चात् झारखण्ड की राज्यपाल भी रह चुकीं हैं. कल प्रधानमंत्री मोदी ने बात कर इसकी जानकारी दी थी कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी को भी इसके लिए हृदय से धन्यवाद.’

बता दें राष्ट्रपति के लिए विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि भाजपा ने उड़ीसा की आदिवासी महिला नेता और झारखंड की पूर्व गवर्नर द्रौपदी मुर्मू पर दांव खेला है. एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 24 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगी. वहीं, एनसीपी चीफ शरद पवार के मुताबिक, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे. राष्ट्रपति पद का चुनाव 18 जुलाई को होगा. वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी. नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, अंतिम तिथि 29 जून है.

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More