चोपन के नगर पंचायत अध्यक्ष मर्डर केस की इनसाइड स्टोरी
योगीराज में कानून व्यवस्था का एक बार फिर से माखौल उड़ा। अबकि बार निशाना बने हैं सोनभद्र के चोपन नगर पंचायत अध्यक्ष इम्तियाज अहमद। गुरुवार की सुबह हथियारों से लैस बदमाशों ने इम्तियाज अहमद की उस वक्त गोली मारकर हत्या, जब वह अपने दोस्तों के साथ वॉलीबाल खेलने की तैयारी कर रहे थे। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया।
पिस्टल और कार्बाइन से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
इम्तियाज अहमद (40 साल) सुबह करीब आठ बजे अपने दोस्तों के साथ ग्रेवाल पार्क पहुंचे। चश्मदीदों के मुताबिक इम्तियाज जैसे ही कार से उतरते, घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबडतोड़ फायरिंग शुरू कर दी। चार की संख्या में मौजूद बदमाश पिस्टल और कार्बाइन से लैस थे। बदमाशों ने इम्तियाज पर लगभग चार राउंड गोलियां चलाई। ताबड़तोड़ हुई फायरिंग से पार्क में दहशत फैल गई। गोली उनके पैर व कमर में लगी। पार्क में वॉलीबाल खेल रहे अन्य साथियों ने उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर किया लेकिन तभी उनकी मौत हो गई।
भीड़ के हत्थे चढ़ा बदमाश
गोली मारकर कर भाग रहे बदमाशों को लोगों ने दौड़ा लिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह लोगों की मदद से एक बदमाश को असलहे के साथ धर दबोचा। घटना के बाद चोपन में बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लोग आक्रोशित हो गए हैं। चेयरमैन समर्थकों ने मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक को सड़क पर ही रोक दिया। इसके बाद सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों का काफिला लग गया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में भारी फोर्स की तैनाती कर दी है।
Also Read : सामने आया बीएचयू के ‘चौबे सर’ की रंगीन मिजाजी का सबूत
विरोधियों को चुभने लगा था इम्तियाज का राजनैतिक रसूख
स्थानीय लोगों के मुताबिक बेहद कम समय में ही इम्तियाज ने सियासी मुकाम हासिल कर लिया था। विरोधियों के तमाम विरोधों के बावजूद वह चोपन से दूसरी बार निर्दलीय नगर पंचायत अध्यक्ष चुने गए। उनकी बहू भी चोपन ब्लाक की ब्लाक प्रमुख है। यही नहीं खनन में भी इम्तियाज का बढ़ता रसूख विरोधियों को खल रहा था। फिलहाल हत्या किन कारणों से की गई है, ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। हत्या में पकड़ा गया शार्प शूटर झारखंड का रहने वाला है। ऐसे में अनुमान लगाया वारदात के पीछे किसी बड़े गैंग का हाथ है।
इनपुट- आशुतोष सिंह