विधायक संजीव सिंह ने कराई नीरज की हत्या !

0

पूर्व डिप्टी मेयर और कांग्रेसी नेता नीरज सिंह समेत चार की हत्या की साजिश झरिया से बीजेपी विधायक और उनके चचेरे भाई संजीव सिंह ने रची थी। इस बात का खुलासा बोकारो रेंज के डीआईजी साकेत सिंह ने किया है। इससे पहले धनबाद कोर्ट की ओर से विधायक की गिरफ्तारी का वारंट जारी होने के बाद संजीव सिंह ने थाने में सरेंडर कर दिया। सीजेएम कोर्ट ने विधायक को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

विधायक ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर

विधायक संजीव सिंह ने सरायढेला थाना में सरेंडर कर दिया। संजीव सिंह अपने आवास से गाड़ियों के काफिले के साथ निकले और थाना पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें अरेस्ट कर लिया। डीआईजी साकेत सिंह ने बताया कि कोर्ट से वारंट निकलने के बाद विधायक संजीव सिंह ने खुद थाना आकर सरेंडर किया है, जिसके बाद उन्हें अरेस्ट कर लिया गया। अब पुलिस उनका पॉलीग्राफी टेस्ट कराएगी।

21 मार्च को हुई थी नीरज सिंह की हत्या

धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या 21 मार्च की शाम सरायढ़ेला स्थित उनके आवास के निकट कर दी गई थी। उनके साथ तीन अन्य लोग भी इस हमले में मारे गए थे। मरने वालों में नीरज सिंह के पीए, उनका बॉडीगार्ड और ड्राइवर शामिल था। सभी की मौत मौके पर ही हो गई थी। हमलावरों ने नीरज सिंह को 25 से अधिक गोलियां मारी थीं।

सिंह मेंशन से रची गई हत्या की साजिश

धनबाद पुलिस पिछले कई दिनों से भाजपा विधायक संजीव सिंह के आवास सिंह मेंशन की 24 घंटे निगरानी कर रही थी। उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात थे।- बढ़ती पुलिस निगरानी देख सोमवार को बड़ी संख्या में विधायक समर्थक उनके आवास सिंह मेंशन पहुंचे थे। हत्याकांड के बाद से विधायक लगातार अपने घर में ही रहे। नीरज सिंह हत्याकांड में अबतक पुलिस ने जितने भी आरोपियों को अरेस्ट किया है, वे सभी विधायक संजीव सिंह के बेहद करीबी रहे हैं।

विधायक करीबी डब्लू मिश्रा ने उगला सच

बिहार से गिरफ्तार डब्लू मिश्रा ने पूछताछ में पुलिस को कई जानकारियां दी हैं। डब्लू मिश्रा ने ही धनबाद के कुसुम विहार में शूटरों को किराए का मकान दिलवाया था। डब्लू मिश्रा विधायक का करीबी रहा है। हत्याकांड से एक दिन पहले ही वो धनबाद से भाग गया था और बिहार में जाकर छिपा हुआ था।

यूपी से बुलाए गए थे शूटर

विधायक संजीव सिंह के निजी बॉडीगार्ड ने यूपी से शूटरों को बुलाया था। विधायक के एक अन्य बॉडीगार्ड धनजी सिंह ने ही शूटरों के ठहरने के लिए डब्लू मिश्रा को किराए का घर खोजने के लिए कहा था। इन्ही शूटरों ने पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या की थी।

एके 47, कारबाईन और पिस्टल का इस्तेमाल

हत्या में शूटरों ने एके 47, कारबाईन और पिस्टल का इस्तेमाल किया था। पुलिस को दिए बयान में डब्लू मिश्रा ने कहा है कि झरिया विधायक संजीव सिंह को नीरज सिंह मर्डर से जुड़ी हर एक जानकारी पहले से थी। पिछले दिनों विधायक के करीबी रंजय सिंह का मर्डर हुआ था। इस मर्डर में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह का नाम उछला था। इसके बाद ही रंजय की हत्या का बदला लेने के लिए नीरज सिंह की हत्या कर दी गई। विधायक के लोगों ने ही पैसे देकर यूपी से शूटरों को बुलाया था। शूटरों को किराए का घर और बाइक भी सिंह मेंशन के ही लोगों ने मुहैया कराए थे।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More