मुलायम सिंह यादव होंगे ‘मरणोपरांत’ पद्म विभूषण से सम्मानित, अखिलेश यादव करेंगे प्राप्त

0

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव को आज देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण पुरस्कार (मरणोपरांत) से नवाजा जाएगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों अपने पिता के बदले पद्म विभूषण पुरस्कार ग्रहण करेंगे। इस दौरान उनकी पत्नी डिंपल यादव भी दरबार हॉल में मौजूद रहेंगी। दोनों आज दोपहर तक दिल्ली पहुंच जाएंगे। अलंकरण समारोह आज शाम 5 बजे से होगा। नेताजी मुलायम सिंह यादव का निधन बीते साल 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में हुआ था।

बता दें, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इस सम्मान के बारे में नामों की घोषणा की गई थी। जिसमें समाजवादी पार्टी के संरक्षक और यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव का नाम भी शामिल था। तो वहीं, बुधवार की शाम को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें ये पुरस्कार दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कार्यक्रम शाम पांच बजे होगा। पद्म विभूषण पुरस्कार लेने के लिए नेताजी के बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे।

पत्नी डिंपल भी होंगी शामिल…

पद्म विभूषण पुरस्कार कार्यक्रम में अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी और नेताजी की बड़ी बहू डिंपल यादव भी मौजूद रहेंगी। इस बात की जानकारी सपा सचिव और प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने दी है। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव ये अवार्ड लेने दिल्ली जा रहे हैं। यह अवार्ड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देंगी। बता दें, तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का पिछले साल 10 अक्टूबर को निधन हो गया था।

मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद डिंपल यादव सहित कई सपा नेताओं ने दिवंगत सपा सुप्रीमो के लिए भारत रत्न की मांग की थी। लेकिन, केंद्र सरकार ने 26 जनवरी को नेताजी को पद्म पुरस्कार देने की घोषणा की थी। हालांकि, पद्म विभूषण देने की घोषणा के बाद सपा नेता शिवपाल सिंह यादव और सांसद डिंपल यादव ने मुलायम सिंह यादव को भारत रत्न देने की मांग उठाई थी। उनका दावा था कि जिस कद के नेताजी मुलायम सिंह रहे हैं, उसके अनुसार उन्हें भारत रत्न मिलना चाहिए।

Also Read: किताब के पन्नो से मिटा मुगलों का इतिहास? NCERT चीफ ने दी सफाई

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More