यादव परिवार को झटका, योगी सरकार ने छीन लिया लोहिया ट्रस्ट

योगी सरकार ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के परिवार को बड़ा झटका देते हुए लोहिया ट्रस्ट (Lohia Trust) की बिल्डिंग खाली करवा दी है। प्रदेश सरकार ने ये कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद की। राज्य संपत्ति विभाग ने शुक्रवार को विक्रमादित्य मार्ग स्थित लोहिया ट्रस्ट का बंगला खाली करा लिया। गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव ट्रस्ट के अध्यक्ष और शिवपाल सिंह यादव सचिव हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लोहिया ट्रस्ट की बिल्डिंग कराई गयी खाली:

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने समाजवादी पार्टी के लोहिया ट्रस्ट को खाली करा लिया। राज्य संपत्ति विभाग ने कार्रवाई करते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच लोहिया ट्रस्ट को अपने कब्जे में ले लिया।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के लोहिया ट्रस्ट को सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने बनाया था। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को ऐसे सभी सरकारी बंगलों को खाली कराने का आदेश दिया था जो सरकारी खर्चे पर चल रहे थे, और सरकारी आवंटन किया गया था।

ये भी पढ़ें: जब पुलिस को चकमा देने के लिए सपा नेता ने बांधा सहरा, कार्यकर्ता बने बाराती… 

वहीं अब लोहिया ट्रस्ट की बिल्डिंग भी खाली करवा दी गयी। हालाँकि बंगला खाली करने के लिए लोहिया ट्रस्ट ने राज्य संपत्ति विभाग से वक्त मांगा था। आवंटन रद्द होने के बाद ट्रस्ट 70 हजार रुपये प्रतिमाह बंगले का किराया भी दे रहा था।