डॉ. कफील की गिरफ्तारी के लिए क्यों लगानी पड़ी STF? यूपी DGP ने दिया जवाब

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में विवादित बयान देने के आरोप में गोरखपुर के डॉ. कफील को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UPSTF) ने कफील को मुंबई से गिरफ्तार किया है।

कफील खान को गिरफ्तार करने के लिए UPSTF लगाने पर सवाल उठ रहे हैं। इस सवाल का जवाब देते हुए यूपी डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत यह गिरफ्तारी हुई है।

न्यायिक प्रक्रिया के तहत हुई गिरफ्तारी-

डीजीपी ने बताया कि डॉ. कफील खान को हेट स्पीच के चलते गिरफ्तार किया गया है। उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। हम उन्हें ट्रैक कर रहे थे। STF को यह काम सौंपा गया था।

ओपी सिंह ने कहा, ‘जब हमें मालूम पड़ा कि वह मुंबई में है तो हमारी टीम ने वहां उसे गिरफ्तार किया। पूरी न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तारी हुई है। उन्हें अलीगढ़ लाया जाएगा। मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।’

गिरफ्तारी पर बोले कफील खान-

डॉ. कफील खान को मुंबई से उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद कहा कि मुझे गोरखपुर में बच्चों की मौत के मामले में क्लीन चिट दे दी गई, अब वे मुझे फिर से फ्रेम करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं महाराष्ट्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि मुझे महाराष्ट्र में रहने दें, मुझे उत्तर प्रदेश पुलिस पर भरोसा नहीं है।

डॉ. कफील खान ने पिछले साल 12 दिसंबर को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान विवादित बयान दिया था। इसके बाद से अलीगढ़ पुलिस उन्हें तलाश रही थी।

यह भी पढ़ें: बच्चों की मौत मामले में आरोपी कफील खान और भाई को किया गया गिरफ्तार

यह भी पढ़ें: गोरखपुर : मुख्य आरोपी ‘कफील खान’ को किया गिरफ्तार

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)