पिछले 119 सालों में सोमवार रहा दिसंबर में दिल्ली का सबसे ठंडा दिन

उत्‍तर भारत में शीतलहर और तेज हो गयी है। दिल्ली में कल अधिकतम तापमान नौ दशमलव चार डिग्री सेल्‍सि‍यस रिकॉर्ड किया गया। कल का दिन वर्ष 1901 के बाद दिल्‍ली में दिसंबर महीने का सबसे ठंडा दिन रहा।

दिल्‍ली-राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा जिससे रेल, सड़क और हवाई यातायात में बाधा उत्पन्‍न हुई। कुछ स्‍थानों पर सुबह दृष्‍यता शून्‍य होने के कारण उड़ानों में देरी हुई और रेलगाड़ियों की आवाजाही में विलंब हुआ, कुछ उड़ानों और रेलगाडियों के मार्ग बदल दिये गये और कुछ रद्द कर दिये गये। इस वजह से हजारों यात्री फंसे रहे।

जम्‍मू-कश्‍मीर में श्रीनगर में न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से छह दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया और डल झील जम गई। जम्‍मू में एक दशक में कल रात सबसे ठंडा रहा जहां तापमान दो दशमलव चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

वहीं, उत्‍तर प्रदेश में सोनभद्र जिले में चुर्क शून्‍य दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्‍थान रहा। राजस्‍थान में सीकर में न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

यह भी पढ़ें: गलन भरी ठंड से ठिठुरा पूरा उत्तर प्रदेश

यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में शीतलहर जारी, मौसम विभाग ने जारी की गंभीर चेतावनी

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)