चित्रदुर्ग : मोदी का कांग्रेस पर हमला, ‘जो वेलफेयर नहीं करते, उनका फेयरवेल होना चाहिए’

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के चित्रदुर्ग में जनसभा को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि चित्रदुर्ग की धरती जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान का मंत्र लागू है और यहां से देश के लिए मर-मिटने वाले जवान भी आए हैं। यह धरती वैज्ञानिकों की है। इसरो की चित्रदुर्ग यूनिट में ही चंद्रयान-2 की तैयारी हो रही है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि जो वेलफेयर नहीं करते, उनका फेयरवेल होना चाहिए।

राजनीति के लिए समाज को तोड़ने की कोशिश कर रही कांग्रेस

पीएम ने कहा कि राजनीति के लिए समाज को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के नेता नहीं जानते कि उन्हें क्या याद रखना चाहिए और किस बात का उत्सव मनाना चाहिए। वह सुल्तानों की जयंती मनाने में आगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति की वजह से इतिहास की बहादुर महिलाओं और पुरुषों के बारे में भूल गई। कांग्रेस ने चित्रदुर्ग के लोगों का अपमान किया है।

कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब आंबेडकर को भी अपमानित किया था। बाबा साहेब आंबेडकर को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का काम बीजेपी ने किया। दलित समाज के लिए हाउजिंग स्कीम बनाने के लिए मैं कर्नाटक बीजेपी को बधाई देता हूं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी पार्टी है जिसे वोट बैंक की राजनीति के लिए इतिहास को मरोड़ने की आदत हो गई है। निजलिंगप्पा जी गरीबों के लिए लड़ने वाले नेता थे। निजलिंगप्पा को कांग्रेस ने अपमानित किया था।

मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने SC-ST एक्ट को मजबूत बनाया। दलितों के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। आगे भी करती रहेगी। हमारी सरकार ने दिव्यांगों के कल्याण का बीड़ा उठाया है। हमने सरकारी इमारतों में दिव्यांगों की मदद के लिए कदम उठाया। उनके लिए नौकरियों के आरक्षण में बढ़ोत्तरी की है। मैं आपके बीच पला-बढ़ा हूं, इसलिए मैं आपको मजबूत करने वाला काम करूंगा।

रैली में पीएम मोदी ने कहा कि हमारी पार्टी ने पहला मौका मिलते ही अटल जी के समय में बिना जाति, धर्म देखते हुए महान वैज्ञानिक अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति बनाया। दूसरी बार मोदी को वोट मिला, हमारे पास बहुमत था। हमने गरीब दलित परिवार में पैदा हुए रामनाथ कोविंद जी को राष्ट्रपति बनाया।

सीएम सिद्धरमैया पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री अपने सूटकेस में कैरेक्टर सर्टिफिकेट तैयार रखते हैं और किसी मंत्री पर आरोप लगने पर कैरेक्टर सर्टिफिकेट पर साइन कर देते हैं। कांग्रेसी पानी के पैसे चबा गए, कांग्रेस पानी के साथ पापाचार करती है, इसलिए उसका यहां नामोनिशान नहीं रहना चाहिए। आदिवासियों के हॉस्टल में उनके बिस्तर के पैसे भी मार गए। ये आपके घर के बिस्तर भी मार जाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दिल और दलित की परवाह नहीं करती. वो बस डील की फिक्र करती है। जो वेलफेयर नहीं करते, उनका फेयरवेल होना चाहिए।

आज चार रैलियां करेंगे पीएम मोदी

आपको बता दें कि आज रविवार को पीएम मोदी और अमित शाह एक साथ यहां होंगे। पीएम की चार रैलियां होनी है, जबकि अमित शाह 2 रैलियों को संबोधित करेंगे और दो रोड शो करेंगे। पीएम मोदी की रैलियां चित्रदुर्ग, रायचूर, जमाखंडी और हुबली में होनी है। कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों के लिए 12 मई को चुनाव होने है और 15 मई को नतीजे की घोषणा होगी।

मोदी का कांग्रेस और जेडीएस पर निशाना

इससे पहले शनिवार को पीएम मोदी ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ताबड़तोड़ चार रैलियां कर विपक्षी कांग्रेस और जदएस पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने तुमकुर, गडग, शिमोगा और मेंगलुरु में एक के बाद एक जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कई दशक से कांग्रेस ने गरीब-गरीब बोलकर सिर्फ जनता को मूर्ख बनाया है। वह कभी गरीबों के लिए काम नहीं कर सकी। अब कर्नाटक में कांग्रेस ने अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया है।

वह चुनाव जीतने के लिए छटपटा रही है। लेकिन प्रदेश की जनता उसके झूठ में नहीं आएगी। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने पूरे कर्नाटक में वसूली माफियाओं का बहुत बड़ा नेटवर्क खड़ा किया हुआ है। अगर यह कांग्रेस के नेताओं और मंत्रियों ने टैंक बना रखा है, जिसमें भ्रष्टाचार का पैसा जमा होता है। यही पैसा पाइपलाइन के जरिये दिल्ली में बैठे कांग्रेस नेताओं तक पहुंचता है। भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ा हुआ है कि उसके मुख्यमंत्री सिद्धरमैया अब ‘सिद्धारुपैया’ बन गए हैं। जनता यह सच जान चुकी है और कर्नाटक में हार सामने देख कांग्रेस परेशान है।

पीएम मोदी का भ्रष्टाचार पर निशाना

प्रधानमंत्री ने शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व पर टिकटों, पार्टी पदों और मुख्यमत्री पद की नीलामी करने का आरोप लगाया। कहा, हेलीकॉप्टर घोटाले, कोयला घोटाले, सीडब्ल्यूजी घोटाले और कई अन्य घोटालों के बाद कांग्रेस ने अब बोली लगाओ प्रणाली शुरू की है। टिकट के लिए, नेताओं के चयन के लिए और मुख्यमंत्री चुनने के लिए भी यह पार्टी बोली लगाती है।

देवगौड़ा का पार्टी कांग्रेस का बचाव कर रही

मोदी ने दावा किया कि कर्नाटक विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस और जदएस के बीच गुप्त समझौता हुआ है। कहा, एचडी देवगौड़ा की पार्टी कांग्रेस का बचाव कर रही है। दोनों में पर्दे के पीछे से साझेदारी चल रही है। उन्होंने जीत का दावा करते हुए कहा कि जदएस कांग्रेस को नहीं हरा सकती। कर्नाटक में कोई सरकार बदल सकता है तो वह भाजपा है।

मोदी बोले-  पीपीपी बन जाएगी कांग्रेस

मोदी ने कहा, कर्नाटक में हार के बाद कांग्रेस पीपीपी बनकर रह जाएगी। 15 मई को यहां के नतीजे आने के बाद कांग्रेस का देश में सिर्फ पंजाब, पुड्डुचेरी और परिवार तक प्रभाव रहेगा, यानी वह पीपीपी बनकर रह जाएगी। इस हार के साथ ही कांग्रेस का अस्तित्व खत्म होने की कगार पर पहुंच जाएगा।

येदियुरप्पा का अपमान कर रही कांग्रेस

मोदी ने येदियुरप्पा के गृह जिले में एक चुनाव रैली के दौरान कहा, राजनीतिक मतभेद और प्रतिद्वंद्विता हो सकती है, आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए जा सकते हैं, लेकिन बोलते समय संयम बरतना जरूरी है। जिस तरह की भाषा कांग्रेस बोल रही है, वह अपमानजनक है। कांग्रेसी येदियुरप्पा की आयु और समाज के प्रति उनकी कटिबद्धता की अनदेखी कर निराधार आरोप लगा रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा, मैं शिवमोगा के लोगों से कहना चाहता हूं कि वे कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त कराना सुनिश्चित करें और येदियुरप्पा के अपमान का बदला लें। मोदी ने वंचित तबके के लोगों के घर येदियुरप्पा के जाने का मजाक उड़ाए जाने को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। कहा, यह गरीब लोगों का मजाक उड़ाने के समान है।

साभार- लाइव हिंदुस्तान

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More