इंडोनेशिया में भूकंप और सुनामी से 832 लोगों की मौत

इंडोनेशिया में 7.5 की तीव्रता पर आए भूकंप और सुनामी की चपेट में आने से कम से कम 832 लोगों की मौत हो गई है। रविवार को सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। इससे पहले खबर आई थी भूकंप और सुनामी की वजह से 420 लोगों की मौत हो गई है। लेकिन अब ये आंकड़ा बढ़ गया है। इस बीच, भूकंप-सुनामी से सबसे अधिक प्रभावित पालू शहर में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इस आपदा में जीवित बचे लोग मृतकों के शव बरामद करने में अधिकारियों की मदद कर रहे हैं।

यह भी पढ़े- विवेक तिवारी हत्या : पत्नी ने सीएम से मांगा नौकरी और एक करोड़ का मुआवजा

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक, इंडोनेशिया की सरकारी न्यूज एजेंसी अंतारा ने राष्ट्रीय आपदा एजेंसी के प्रमुख के हवाले से पालू में मारे गए लोगों का ताजा आंकड़ा बताया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि 7.5 तीव्रता के भूकंप और सुनामी में पांच-पांच फुट ऊंची उठी लहरों की चपेट में आए मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, क्योंकि अब सुदूर इलाकों से नुकसान की सूचनाएं मिल रही हैं। एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि कम से कम 540 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। अस्पतालों को बड़ी संख्या में भर्ती किए जा रहे घायलों के इलाज में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

इंडोनेशिया के आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो नुग्रोहो ने रविवार को कहा कि बिजली और दूरसंचार सेवाएं ठप हो गई हैं, जिसके चलते पालू और पास के मछुआरे समुदाय डोंगगाला तक पहुंच बनाने में दिक्कत हो रही है। इंडोनेशिया में अंतरार्ष्ट्रीय रेड क्रॉस के प्रमुख जेन जेलफेंड ने सीएनएन को बताया, ऐसा सिर्फ शहरी इलाकों में नहीं है बल्कि दूरदराज के इलाकों में रह रहे समुदायों तक भी पहुंच बनाने में मुश्किल हो रही है। शहर के अधिकारियों ने शनिवार को भूकंप की आशंका के चलते लोगों से घरों में नहीं जाने और इमारतों से दूर सोने का आग्रह किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)