राष्ट्रवाद हमारी ताकत, सरकार का मंत्र सिर्फ विकास: PM मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रवाद को पार्टी की ताकत बताते हुए रविवार को कहा कि उनकी सरकार के 22 महीने के कार्यकाल में अब तक राजनीतिक और आर्थिक भ्रष्टाचार का कोई भी आरोप नहीं लगा है और भाजपा कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे विपक्ष द्वारा उठाये जा रहे व्यर्थ के मुद्दों में न फंसकर पार्टी के हित को आगे बढ़ाते रहे।
मोदी ने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की शनिवार को शुरू हुई दो दिवसीय बैठक के अपने समापन भाषण में रविवार को कहा कि 22 महीने के राजग सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। आर्थिक भ्रष्टाचार ही नहीं कोई राजनीतिक आरोप भी सरकार पर नहीं लगा है।
मोदी ने कहा कि राष्ट्रवाद हमारी ताकत है और उसी को लेकर आगे बढ़ेंगे। गृह मंत्री और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समापन के बाद संवाददाताओं को मोदी के भाषण के बारे में जानकारी देते हुए ये बताया।
राजनाथ के अनुसार मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग व्यर्थ के मुद्दों में ना उलझे क्योंकि विपक्ष आपको इनमें उलझाये रखने की कोशिश में लगा है लेकिन आप अपना काम करते रहें।
मोदी ने आगाह किया कि सरकार के विकास कार्य कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे हैं और उसके अभूतपूर्व कार्यों से ध्यान भटकाने के लिए व्यर्थ के मुद्दे उछालकर भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं को उलझाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का एक ही मूल मंत्र है और वह है विकास, विकास और विकास क्योंकि सभी समस्याओं का यही समाधान है। विकास का चक्का तेजी से चल पड़ा है और बदलाव आ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे समाज के सभी वर्गों को जोड़ने के साथ ही बुद्धिजीवियों तक भी अपनी पहुंच बनायें।