डिंपल की देवरानी ने की राजनीति में एंट्री

0

लखनऊ।  सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू  अपर्णा यादव का राजनीति में एंट्री हो गया है। अपर्णा यादव लखनऊ के कैंट विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी। रविवार दोपहर समाजवादी पार्टी के प्रमुख प्रवक्ता शिवपाल यादव ने विधिवत इसकी घोषणा कर दी है।

गौर हो कि अपर्णा यादव प्रतीक यादव की पत्नी हैं। जबकि इनके पिता अरविन्द सिंह विष्ट उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्त हैं। अपर्णा यादव पिछले चार साल से इस सीट पर अधिक सक्रिय हैं। इस सीट से वर्तमान में कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी विधायक हैं। सपा कभी भी इस सीट से चुनाव नहीं जीती है। अपर्णा के लिए कैंट विधानसभा से चुनाव जीतना आसान नहीं होगा।

अपर्णा यादव अपने गायन और प्रगतिशील विचारों के लिए जानी जाती हैं। इसी के साथ अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी सपा ने मुलायम परिवार के पहले सदस्य को टिकट दे दिया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों के टिकट की अभी कोई घोषणा नहीं की गई है।

लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र से अपर्णा यादव को उतारे जाने की घोषणा के साथ ही दिलचस्प मुकाबले की तस्वीर में उभरने लगी है। कैंट से अभी कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी विधायक हैं। कांग्रेस उन्हें दोबारा टिकट दे सकती है।

रीता बहुगुणा जोशी और अपर्णा यादव दोनों ही उत्तराखंड से संबंध रखती हैं। जोशी के पिता हेमवंती नंदन बहुगुणा यूपी के नौवें मुख्यमंत्री रह चुके हैं। दूसरी ओर अपर्णा यादव के ससुर मुलायम सिंह यादव यूपी के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

गौर हो कि अपर्णा यादव की जेठानी व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव भी राजनीति में पहले से ही सक्रिय हैं अभी वह यूपी के कन्नौज से सांसद हैं।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More