नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने असम में चुनावी बिगुल बजा दिया है। असम के दिफू में अपनी चुनावी रैली के दौरान राहुल ने भाजपा और पीएम मोदी को आड़े हाथों लिया। मंगलवार को राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो असम को नागपुर और पीएमओ से चलाया जाएगा।
राहुल ने कहा कि कांग्रेस की वजह से असम में शांति है अगर भाजपा सत्ता में आई तो यहां भी गुजरात और हरियाणा की तरह लोगों को लड़ाएंगे। मोदी सरकार एक विचारधारा को हिन्दुस्तान पर थोपना चाहती है। सब को अपने हिसाब से जीने का हक है।
भाजपा की विचारधारा लोगों को लड़ाने की रहती है। अगर उनकी सरकार आई तो असम में शांति नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 10 साल से कांग्रेस की सरकार थी। कोई दंगा नहीं हुआ, कोई हिंसा नहीं हुई। मोदी जी ने लोगों के भरोसे पर खरे नहीं उतरे। वादे करते हैं और चले जाते हैं। उनके मंत्री विजय माल्या से मिले हैं।
उन्होंने कहा कि माल्या संसद में मोदी सरकार के एक मंत्री से मिला और आराम से देश छोड़कर भाग गया। ललित मोदी को भी लाने की कोशिश नहीं हुई। मोदी जी ने असम से विशेष राज्य का दर्जा छीन लिया। यूपीए सरकार में हजारों करोड़ रुपए विकास के लिए मिलते थे।