लखनऊ: 46 विभूतियों को यश भारती सम्मान

0

लखनऊ। फिल्म, कला, साहित्य, संस्कृति, खेल, चिकित्सा, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 46 विभूतियों को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को यश भारती सम्मान से सम्मानित किया।

इतिहासकार प्रो. इरफान हबीब, प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश त्रेहन और प्रसिद्ध व्यंग्यकार प्रो. अशोक चक्रधर सहित उत्तर प्रदेश की 46 विभूतियों को यश भारती सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें बॉलीवुड में यूपी का नाम रोशन करने वाले फिल्म निर्देशक सुधीर मिश्रा, फिल्म निर्माता विशाल भारद्वाज और अनुराग कश्यप के अलावा कवि, उपन्यासकार, खिलाड़ी और हास्य कलाकार भी शामिल हैं।

यश भारती सम्मान से सम्मानित करने के बाद अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन सभी हस्तियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे ही लोगों पर उत्तर प्रदेश को और हम सभी को गर्व है। सीएम ने कहा कि यश भारती सम्मान देने का काम ‘नेताजी’ (मुलायम सिंह यादव) ने शुरू किया था। जब वह मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने ढूंढ़-ढूंढ़ कर यूपी का नाम रोशन करने वालों को सम्मानित किया और तब यह सच सामने आया कि यूपी में इतनी बड़ी-बड़ी विभूतियां भी हैं। जब हमें मौका मिला तो हमने यश भारती सहित और कई सम्मान शुरू किए।

सोमवार को डॉ. राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के अम्बेडकर सभागार में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन सभी हस्तियों को यश भारती सम्मान प्रदान किया। समारोह में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा कि यश भारती से सम्मानित ऐसी ही विभूतियां देश-विदेश में यूपी का नाम रोशन करती हैं।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More