PM मोदी तीन देशों के दौरे पर आज होंगे रवाना

0

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार रात तीन देशों के दौरे पर रवाना होंगे। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में आतंकी हमले के एक सप्ताह बाद पीएम मोदी मंगलवार को सबसे पहले ब्रसेल्स के लिए रवाना होंगे। अपने तीन देशों के प्रवास के दौरान वह वाशिंगटन में परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे और सऊदी अरब का भी दौरा करेंगे।

यात्रा के दौरान पीएम बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वह वाशिंगटन जाकर परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वापसी के दौरान वह दो दिन सऊदी अरब में ठहरेंगे। मोदी बुधवार को पहली बार ब्रसेल्स पहुंचने के बाद 13वें भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और बेल्जियम के पीएम चार्ल्स माइकल के साथ द्विपक्षीय शिखर बैठक करेंगे।

भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों में उस वक्त थोड़ा तनाव आ गया था जब 28 देशों के इस समूह ने पिछले साल अप्रैल में मोदी के फ्रांस, जर्मनी और कनाडा के दौरे के समय उनके ब्रसेल्स के संक्षिप्त दौरे से संबंधित नई दिल्ली के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी थी। ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ का मुख्यालय है।

विदेश मंत्रालय में यूरोप एवं पश्चिमी देशों के मामलों की संयुक्त सचिव नंदिनी सिंगला ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत-यूरोपीय संघ द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन की शुरुआत वर्ष 2000 में हुई थी और यह रिश्ता वर्ष 2004 में रणनीतिक साझेदार में बदल गया। सिंगला ने कहा कि यूरोपीय संघ के जो 10 रणनीतिक साझेदार हैं, उनमें आज भारत भी एक है।

पिछला भारत-यूरोपीय संघ द्विपक्षीय सम्मेलन वर्ष 2012 में नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ अब भी वैश्विक अर्थव्यवस्था का शक्तिस्रोत है और 180 खरब डॉलर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के साथ दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। यूरोपीय संघ सेवा एवं सामान का दुनिया का सबसे बड़ा निर्यातक एवं आयातक है। भारत के लिए यूरोपीय संघ निर्यात का सबसे बड़ा स्थान एवं व्यापारिक साझेदार है।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री मोदी के लिए भोज आयोजित करेंगे। इस दौरान वह बेल्जियम के व्यापारियों और कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश बढ़ाने के मकसद से मुलाकात करेंगे। मोदी अपनी यात्रा के दौरान बेल्जियम में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे। वहां करीब 20 हजार भारतीय रहते हैं।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More