#metoo:जिंदगी भर की कमाई एक झटके में मिट्टी में मिल गई : अकबर

0

एमजे (MJ) अकबर से जुड़े कथित यौन शोषण मामले में गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान उनकी वकील गीता लूथरा ने कहा कि ट्वीट के जरिए महिला पत्रकार ने अपमानजनक शब्‍द का प्रयोग किया।

गीता लूथरा ने कहा कि आरोपों की वजह से अकबर को इस्तीफा देना पड़ा और उनकी छवि को काफी नुकसान पहुंचा। कोर्ट ने अकबर के मानहानि के मामले में संज्ञान लिया और उनका बयान दर्ज करने के लिए 31 अक्टूबर की तारीख तय की है।

40 साल में बनाई गई उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है

मामले की सुनवाई के दौरान वकील गीता लूथरा ने एम जे अकबर का पक्ष रखा। सुनवाई शुरू होते ही गीता लूथरा ने पत्रकार प्रिया रमानी का ट्वीट पढ़ना शुरू किया। उन्‍होंने कहा, “रमानी ने अकबर के खिलाफ कई ट्वीट किए। मैं पूरा ट्वीट पढ़ना नहीं चाहती लेकिन यह मानहानि का मामला है। अब मेरे मुवक्‍किल ने इस्‍तीफा दे दिया। इससे पिछले 40 साल में बनाई गई उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।

यौन उत्पीड़न पर कानून में कमियों पर गौर करने के लिए जीओएम गठित करने पर विचार भारत में ‘मी टू’ मूवमेंट के जोर पकड़ने के बीच सरकार यौन उत्पीड़न पर कानून में कमियों पर गौर करने के लिए एक मंत्री समूह (जीओएम) गठित करने पर विचार कर रही है।

राजनाथ सिंह इसकी अध्यक्षता कर सकते हैं

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मंत्री समूह को जल्द ही सूचित किया जाएगा। सूत्रों ने कहा कि पहले ऐसे संकेत थे कि समूह की अध्यक्षता एक वरिष्ठ महिला कैबिनेट मंत्री कर सकती हैं लेकिन अब गृह मंत्री राजनाथ सिंह इसकी अध्यक्षता कर सकते हैं।

यौन उत्पीड़न की शिकायतों के निपटारे के लिए कानूनी एवं संस्थागत ढांचे पर विचार करने के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी द्वारा एक कानूनी समिति गठित करने का प्रस्ताव करने और उन्हें मजबूत करने के लिए मंत्रालय को सलाह देने के सिलसिले में कदम उठाए जाने के कुछ दिनों बाद यह प्रस्ताव आया है।

अभिनेता नाना पाटेकर पर एक फिल्म की शूटिंग के दौरान 2008 में अपने साथ दुर्व्यवहार करने का अदाकारा तनुश्री दत्ता द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद देश में शुरू हुआ ‘मी टू’ अभियान तेजी से आगे बढ़ा है। कई महिलाओं ने सामने आ कर विभिन्न शख्सियतों के खिलाफ अपनी शिकायत व्यक्त की है।

यौन दुर्व्यवहार के आरोपियों में पूर्व विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर, फिल्म निर्देशक सुभाष घई, साजिद खान, रजत कपूर और अभिनेता आलोक नाथ आदि शामिल हैं। अकबर ने अपने खिलाफ लगे इन आरोपों को लेकर बुधवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। साभार

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More