J&K: महबूबा ने पेश किया सरकार बनाने का दावा

जम्मू-कश्मीर।  पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात की और जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने का दावा पेश किया। महबूबा ने बाद में नई सरकार के गठन के लिए समर्थन दिए जाने पर भाजपा का शुक्रिया अदा किया।

महबूबा ने कहा कि दोनों दलों के बीच विभागों को लेकर कोई विवाद नहीं है। कश्मीर का विकास देश के लिए मिसाल होगा। हमें विकास की गति को बनाए रखने के लिए गठबंधन के एजेंडे को बनाए रखना होगा।

उन्होंने कहा कि गठबंधन के एजेंडे को पुनर्स्थापित करने के लिए जो भी समय लगा वो मूल्यवान था। राज्य के धर्मनिरपेक्ष ढांचे को ध्यान में रखते हुए हमने एक गठबंधन को बनाए रखा।

वहीं भाजपा के निर्मल सिंह ने कहा कि हमने राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंप दिया है। विभागों को लेकर बातचीत चल रही है।

इस तरह से राज्य में एक बार फिर भाजपा-पीडीपी की गठबंधन सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। महबूबा मुफ्ती मुख्यमंत्री बनेंगी, जबकि भाजपा के निर्मल सिंह उपमुख्यमंत्री होंगे।