सुशासन राज: सीवान में पत्रकार की सरेआम हत्या

बिहार के सीवान में नगर थाने के स्टेशन रोड स्थित फल मंडी के पास बाइक सवार अपराधियों ने शुक्रवार की देर शाम लगभग आठ बजे हिन्दुस्तान अखबार के सीवान के ब्यूरो चीफ राजदेव रंजन की सरेआम गोली मार कर हत्या कर दी़। अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार थे और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। अस्पताल लेने जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।

दैनिक हिन्दुस्तान के सीवान के ब्यूरो चीफ राजेदव रंजन कार्यालय से वापस लौट रहे थे। रात आठ बजे के करीब टाउन थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज के समीप अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। एक गोली उनके सिर और दूसरी गर्दन में लगी। गंभीर रूप से जख्मी राजदेव रंजन को पुलिस अस्पताल ले गई, लेकिन रास्ते में भी उनका देहांत हो गया। 42 वर्षीय राजदेव रंजन सीवान के महादेवा मिशन कंपाउंड मोहल्ले में रहते थे। जांच-पड़ताल के लिए एसपी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

भाजपा ने की निंदा

इस घटना की निंदा करते हुए भाजपा के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता शाहनवाज हुसैन ने ट्वीट कर नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बनारस घूम रहे हैं और बिहार में लोकतंत्र का चौथा स्तंभ खतरे में है। यह जंगलराज नहीं, महाजंगल राज है।