फरीदाबाद में फिर दिखा हत्यारा विकास दुबे | Hindi News Podcast

0

देश-दुनिया से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर, सुने हिंदी पॉडकास्ट। जानिए देश-दुनिया की सभी महत्वपूर्ण और बड़ी खबरें फटाफट अंदाज में​ सिर्फ journalistcafe.com पर।

स्टोरी 1-  फरीदाबाद में फिर दिखा हत्यारा विकास दुबे

उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिस वालों की हत्या के मामले में फरार मोस्ट वांटेड हिस्ट्रीशीटर गैंगस्टर विकास दुबे के फरीदाबाद में छिपे होने की सूचना की बीच एक बार फिर उसकी जैसी ही कद-काठी वाले युवक को एक दुकान के बाहर खड़ा देखा गया है। यह घटना दुकान के बाहर लगे एक सीसीटीवी में कैद हुई है। फरीदाबाद पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। बुधवार सुबह विकास दुबे के फरीदाबाद में होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस उसकी तलाश में दिल्ली, यूपी, गुरुग्राम और फरीदाबाद और राजस्थान सहित तमाम जगहों पर छापेमारी कर रही है। विकास दुबे को हरियाणा में फरीदाबाद के सेक्टर 87 में दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूत्रों का दावा है कि मंगलवार देर रात विकास एक होटल की सीसीटीवी फुटेज में भी देखा गया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो गया।

स्टोरी 2- मुखबिरी के शक में चौबेपुर थानाध्यक्ष गिरफ्तार

कानपुर केस में विकास दुबे के लिए मुखबिरी के शक में चौबेपुर थाने के सस्पेंड चल रहे एसओ विनय तिवारी और बीट प्रभारी केके शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच टीम को शक है कि विनय तिवारी ने ही विकास दुबे को इस बात की जानकारी दी थी कि रात में उसको पकड़ने के लिए टीम आने वाली है। इसके बाद विकास ने पुलिस पर हमला करने की योेजना बनाई और आठ पुलिस वाले इस हमले में मारे गए। आईजी मोहित अग्रवाल और एसएसपी दिनेश कुमार पी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। कानपुर एसएसपी दिनेश कुमार पी ने कहा कि जांच के दौरान पाया गया कि विनय तिवारी और केके शर्मा ने ही पुलिस कार्रवाई की जानकारी पहले ही विकास दुबे को दे दी। सूचना मिल जाने पर उसने अपनी तैयारी कर ली और हमारी टीम पर हमला कर दिया, जिसमें अधिकारी समेत आठ पुलिसकर्मियों की जान चली गई। जांच के बाद हमने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसएसपी ने कहा कि कोई भी पुलिस के काम में बाधा डालेगा, चाहे वह पुलिस वाला ही क्यों न हो, हम कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे।

स्टोरी 3- अमरनाथ यात्रा के लिये एक दिन में 500 लोगों को इजाजत

वार्षिक अमरनाथ यात्रा में इस बार कोरोना वायरस महामारी के कारण रोजाना 500 से अधिक तीर्थयात्रियों को पवित्र गुफा में दर्शन के लिए जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। जम्मू कश्मीर में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर और वैष्णोदेवी मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन देने की अनुमति के संबंध में एक उच्चस्तरीय बैठक में चर्चा की गयी जिसमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह और गृह मंत्रालय तथा जम्मू कश्मीर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। अमरनाथ यात्रा 21 जुलाई को शुरू हो सकती है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘इस बार अमरनाथ यात्रा में कोविड-19 के हालात की वजह से एक दिन में 500 से अधिक श्रद्धालुओं को जाने की इजाजत नहीं होगी।’ जम्मू कश्मीर में कोविड-19 के लिए करीब 9,000 लोगों की जांच की गयी है और अब तक करीब 145 लोग संक्रमित मिले हैं।

पहलगाम मार्ग हिमाच्छादित होने की वजह से अभी तक साफ नहीं है और इस साल केवल बालटाल मार्ग से यात्रा हो सकती है।

स्टोरी 4- बिहार में फिर हुआ लॉकडाउन

बिहार में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिसे देखते हुए भागलपुर, पटना, किशनगंज और नवादा को फिर से लॉकडाउन कर दिया गया है।इस दौरान आवश्यक सेवा को छोड़कर सभी गतिविधियों पर पूर्णत: रोक लगा दी गई है।

राजधानी पटना में लगातार मिल रहे कोरोना संक्रमित मरीजों को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 से 16 जुलाई तक शहर को फिर से लॉकडाउन कर दिया है। डीएम कुमार रवि ने छह दिनों के लिए लॉकडाउन लगाने का आदेश बुधवार शाम को जारी किया। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी व निजी कार्यालय, धार्मिक स्थान आदि बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।

स्टोरी 5- आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर ने लगाई फांसी

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के कंप्यूटर एवं इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर प्रमोद सुब्रमण्यन ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आईआईटी प्रशासन की सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस के मुताबिक, प्रोफेसर प्रमोद ने अपने कमरे में पंखे के सहारे नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाई थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोरोना के कारण कैंपस बंद है और वह इन दिनों अकेले रह रहे थे। घटना के कारणों का पता नहीं चला है। बताया जा रहा है कि दोपहर डेढ़ बजे तक उन्होंने अपने सहयोगियों से बात की थी। उसके बाद क्या हुआ पता नहीं चला। आईआईटी निदेशक अभय करंदीकर ने निधन पर शोक जताया है।

यह भी पढ़ें: कानपुर शूटआउट: चौबेपुर का पूर्व एसओ विनय तिवारी और बीट प्रभारी केके शर्मा गिरफ्तार

यह भी पढ़ें: कानपुर शूटआउट : ऐसी कार्रवाई करेंगे कि पछताएंगे आरोपी – ADG

यह भी पढ़ें: पांच लाख हुई विकास दुबे पर इनामी राशि, गैंगस्टर अब भी फरार

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं। अगर आप हेलो एप्पडेलीहंट या शेयरचैट इस्तेमाल करते हैं तो हमसे जुड़ें।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More