90 हजार करोड़ की डिफेंस डील कराएगा पीएम मोदी का पेरिस दौरा, भारत की बढ़ेगी ताकत

0

 

पीएम मोदी के पेरिस दौरे पर जाने से पहले कहा, ‘पेरिस के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं बैस्टिल दिवस समारोह में हिस्सा लूंगा। मैं राष्ट्रपति के साथ सार्थक चर्चा की आशा करता हूं। इमैनुएल मैक्रॉन और अन्य फ्रांसीसी गणमान्य व्यक्ति से भी मुलाकात होगी। अन्य कार्यक्रमों में भारतीय समुदाय और शीर्ष सीईओ के साथ बातचीत शामिल है।’

भारत के लिए साल 2023 काफी अच्छा गुजर रहा है। इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक के बाद एक कई विदेशी दौरे किए हैं। हाल ही में अफ्रीका और अमेरिका के दौरे से लौटने के बाद अब पीएम मोदी फ्रांस के दौर पर गए हैं। आज गुरुवार को दिल्ली से सुबह 9 बजे पीएम मोदी पेरिस दौरे के लिए रवाना हुए। पेरिस में पीएम मोदी फ्रांस के बेस्टिल डे परेड में हिस्सा लेंगे। भारतीय सेना के लिए पीएम मोदी का पेरिस दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसलिए भारतीय सेना की एक टुकड़ी भी पीएम मोदी के साथ बेस्टिल डे परेड में भाग लेगी। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी फ्रांस के साथ 90 हजार करोड़ की डिफेंस डील करने वाले हैं।

पीएम मोदी का पेरिस कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी 13-14 जुलाई को फ्रांस की यात्रा पर रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह दिल्ली से पेरिस के लिए रवाना हुए। वे भारतीय समयानुसार शाम करीब 4 बजे पेरिस पहुंचेंगे जहां ओरली हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया जाएगा। भारतीय समयानुसार शाम लगभग 7:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी सीनेट पहुंचेंगे और सीनेट के अध्यक्ष गेराड लार्चर से मुलाकात करेंगे। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री पेरिस जायेंगे जहां वे बैस्टिल दिवस समारोह में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर हिस्सा लेंगे। रात लगभग 8:45 बजे पीएम मोदी फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न के साथ बैठक करेंगे। वे भारतीय समयानुसार रात करीब 11 बजे प्रतिष्ठित ला सीन म्यूजिकल में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद लगभग भारतीय समयानुसार देर रात 12:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन द्वारा आयोजित एक निजी रात्रिभोज के लिए एलिसी पैलेस पहुंचेंगे।

फ्रांस में भारतीय सेना भी परेड में लेगी हिस्सा

फ्रांस दौरे को लेकर पीएम मोदी ने देश को विश्वास दिलाया है कि उनकी फ्रांस यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को नयी गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह फ्रांस की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ विविध विषयों पर विस्तृत चर्चा को लेकर आशान्वित हैं। फ्रांस रवाना होने से पहले अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा इस मायने में खास है कि वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस या बैस्टिल दिवस समारोह में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि बैस्टिल दिवस समारोह में भारतीय सेना के तीनों अंगों की एक टुकड़ी भी हिस्सा ले रही है और भारतीय वायु सेना के विमान भी इसमें शामिल होंगे।

90 हजार करोड़ की होगी डिफेंस डील

इस दौरे पर भारत और फ्रांस के बीच 90 हजार करोड़ की डिफेंस डील होने की संभावना है। इस डिफेंस डील के तहत भारत को 26 राफेल लड़ाकू विमान मिलेंगे। साथ ही 3 स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बियों को भारत में बनाने के लिए समझौता होगा। इस डिफेंस डील के तहत भारत को 26 राफेल लड़ाकू विमान मिलेंगे। जिसमें 22 सिंगल सीट राफेल मरीन लड़ाकू विमान शामिल हैं। 4 ट्रेनर राफेल मरीन एयरक्राफ्ट मिलेंगे। साथ ही 3 स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बियों को भारत में बनाने के लिए समझौता होगा।

डील से भारतीय सेना की बढ़ेगी ताकत

फ्रांस के साथ भारत की 90 हजार करोड़ की डिफेंस डील से देश की चीन और पाकिस्तान को उनकी ही भाषा में जवाब देने की ताकत और बढ़ जाएगी। इस रक्षा सौदे में मिलने वाले राफेल लड़ाकू विमानों को आईएनएस विक्रांत पर तैनात किया जाएगा। इससे भारतीय सेना और नेवी की ताकत बढ़ जाएगी।

फ्रांस-भारत की साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ

फ्रांस और भारत की साझेदारी को 25 साल पूरो हो चुके हैं। इसी मौके पर प्रधानमंत्री मोदी पेरिस दौरे पर आमंत्रित किए गए हैं। पीएम मोदी की यह यात्रा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर हो रही है। इस मौके पर पीएम मोदी ने दोनों देशों की सामरिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ का उल्लेख किया।

पीएम मोदी ने कहा, ‘इसकी जड़े गहरे विश्वास और प्रतिबद्धता में निहित है और दोनों देश रक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था निवेश शिक्षा, संस्कृति, लोगों के बीच सम्पर्क, असैन्य परमाणु क्षेत्र, अंतरिक्ष जैसे विविध क्षेत्रों में करीबी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं इस दीर्घकालिक और 25 वर्षों में समय की कसौटी पर खरे उतरे इस संबंध को और आगे ले जाने को लेकर राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात करने और विभिन्न विषयों पर चर्चा करने को आशान्वित हूं।’

गौरतलब है कि इंडो-पैसेफिक क्षेत्र में भारत के पड़ोसी देश चीन की हरकतें काफी बढ़ गई हैं। जिसे देखते हुए हाल ही में भारतीय नौसेना ने INS विक्रांत पर तैनाती के लिए 26 राफेल समुद्री लड़ाकू विमान खरीदने की सिफारिश की थी। इसी के तहत पीएम मोदी फ्रांस दौरे पर डिफेंस डील पर वार्ता करेंगे।

 

Also Read : कल उड़ान भरेगा चंद्रयान-3, ‘पृथ्वी से बना है चंद्रमा’ वाले नासा के दावे पर करेगा अध्ययन

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More