शशि थरूर ने भगत सिंह से की कन्हैया की तुलना
नई दिल्ली। जेएनयू में रविवार रात पहुंचे कांग्रेस नेता शशि थरूर ने जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की तुलना भगत सिंह से कर दी। खबरों के मुताबिक थरूर ने कन्हैया को आज के दौर का भगत सिंह बताया है।
कांग्रेस नेता देशद्रोह के आरोप में जेल जा चुके जेएनयू छात्र संघ के नेता कन्हैया कुमार का बचाव करते हुए थरूर ने उन्हें आज के दौर का भगत सिंह बताया। उन्होंने कहा कि देश को आज कान्हा की भी जरूरत है और कन्हैया की भी। उन्होंने कहा कि दबाव में देश भक्ति सही नहीं है।
थरूर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में राष्ट्रवाद इससे तय हो रहा है कि कोई शख्स ‘भारत माता की जय’ कहता है या नहीं। थरूर ने कहा कि मुझे ये नारे लगाने में खुशी होती है। लेकिन क्या ये नारे लगाने के लिए दूसरों को मजबूर करना सही है? वहीं इस कांग्रेस नेता द्वारा अपनी तारीफ सुनने के बाद कन्हैया को यह सफाई देनी पड़ी कि वह कांग्रेस में नहीं जा रहे हैं।
थरूर ने कहा कि हमारा देश सिर्फ हिंदी, हिंदू और हिन्दुस्तान नहीं है। हमारे देश को इंडिया कहा जाता है, ये विविधता को स्वीकार करता है और इसी का इतिहास गवाह रहा है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि भारत कृष्ण और कन्हैया कुमार दोनों के साथ हो। देश के हर कोने पर रहने वाले का इस देश के भविष्य में बराबर का हिस्सा हो।