उत्तराखंड: मुश्किल में रावत सरकार, आज शाह से मिलेंगे बागी विधायक

नई दिल्ली। भाजपा के 26 और कांग्रेस के नौ बाग़ी विधायक दिल्ली में शनिवार करीब दस बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाक़ात करेंगे। ये विधायक दिल्ली के लीला पैलेस होटल में ठहरे हैं। इनके साथ भाजपा के कुछ बडे नेता भी हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम को इन विधायकों की अध्यक्ष अमित शाह के साथ राष्ट्रपति से मिलने की संभावना है। शुक्रवार को उत्तराखंड विधानसभा में बजट सत्र के दौरान कांग्रेस के नौ विधायकों ने हरीश रावत सरकार के साथ बग़ावत कर दी थी।

जबकि संकट में फंसे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दावा किया है कि उनके पास पूर्ण बहुमत है। साथ ही उन्होंने बागी कांग्रेसी विधायकों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। रावत ने कहा कि हमारे पास पूर्ण बहुमत है। हमारे सभी सदस्य हमारे साथ हैं। हमारी सरकार के अल्पमत में आने के लिए जो संख्या बतायी जा रही है वह पूरी तरह गलत है।

भाजपा पर केजरीवाल का हमला

राज्य में इस पूरे घटनाक्रम को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को भाजपा पर हमला किया। उन्होंने ट्वीट किया कि बेशर्मी के साथ पहले अरूणाचल प्रदेश में विधायकों की खरीद फरोख्त और अब उत्तराखंड में। उन्होंने कहा कि भाजपा साबित कर रही है कि वह सबसे भ्रष्ट, देशद्रोही और सत्ता की भूखी पार्टी है।